╰┈➤ विरासत हमर के संयोजक राजीव गुरुरानी ने उठाया मामला, आंदोलन की चेतावनी
╰┈➤ CDS एवं NDA परीक्षा उत्तीर्ण आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों का मामला
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले के आर्थिक रूप से कमजोर कई अभ्यर्थियों के लिए छह माह बाद भी शासनादेश फलीभूत नहीं हुआ। एनडीए व सीडीएस की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले इन अभ्यर्थियों को 50 हजार की मदद का इंतजार चल रहा है। इस पर विरासत हमर अल्मोड़ा के संयोजक राजीव गुरुरानी ने कड़ी आपत्ति जताई है और मुख्यमंत्री एवं प्रमुख सचिव को ज्ञापन भेजकर पात्र अभ्यर्थियों को तत्काल यह सहायता प्रदान करने की मांग की है और अनसुनी पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गुरुरानी ने डीएम के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया है। जिसमें कहा गया कि वर्ष 2019 के शासनादेश के तहत NDA एवं CDS की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर इंटरव्यू के लिए पात्र आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को 50,000 रुपये की सहायता देने का प्रावधान है। उन्होंने कहा है ऐसे सफल आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों ने आवेदन और औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं, लेकिन तब से चार से छह माह बाद भी कई पात्र अभ्यर्थियों को धनराशि नहीं मिली। उन्होंने कहा कि आगामी एक-दो महीनों में उनका इंटरव्यू होने वाला है, लेकिन ऐसे में योजना का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है। विरासत हमर अल्मोड़ा के संयोजक राजीव गुरुरानी ने कहा कि पात्र अभ्यर्थियों को समय पर सहायता देना प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने चेतावनी दी कि राशि शीघ्र जारी न होने पर अभ्यर्थी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करेंगे।अभ्यर्थियों ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर 50,000 रुपये की सहायता राशि बिना देरी उपलब्ध कराने की मांग की है।




