बाइक चोरों का बड़ा सिंडिकेट ध्वस्त! चोरों से लेकर खरीददार तक पुलिस के शिकंजे में, 6 बाइक बरामद
CNE REPORTER, हल्द्वानी। हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन कथित वाहन चोरों और चोरी की मोटरसाइकिलें खरीदकर उनके पार्ट्स बेचने वाले एक मैकेनिक को गिरफ्तार कर छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरोह चोरी के वाहनों को बेचने के साथ ही उनके पुर्जे काटकर भी ठिकाने लगाता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पाठक (20), योगेश कुमार आर्या (21), दीपक शर्मा (21) और विजय श्रीवास्तव (22) के रूप में हुई है। इनमें विजय श्रीवास्तव मोटरसाइकिल मैकेनिक है, जो चोरी के वाहनों को खरीदने और उनके पुर्जे बेचने का काम करता था।
घर और दुकान के बाहर से चोरी हुई थीं मोटरसाइकिलें
पुलिस के मुताबिक, वाहन चोरी के मामले में पहली शिकायत 11 अक्टूबर 2026 को बनभूलपुरा थाने में दर्ज कराई गई थी। इंद्रानगर काटा, बनभूलपुरा निवासी नाजिम पुत्र जाहिद अली ने शिकायत दी थी कि उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूपी25क्यू4376 घर के बाहर से चोरी हो गई है। इस मामले में धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके बाद 24 अक्टूबर 2026 को शाहबाद, रामपुर निवासी निजाम पुत्र बुधु नालपुर ने अपनी मोटरसाइकिल संख्या यूपी22एजे5716 चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। उनकी मोटरसाइकिल बनभूलपुरा क्षेत्र में उत्तर उजाला के पास से चोरी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में भी धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल तथा बनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी।
गौला बाईपास रोड पर तीन वाहन चोर दबोचे
पुलिस के अनुसार, जांच और सुरागरसी के बाद 5 नवंबर 2026 को गौला बाईपास रोड पर संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ लिया गया। मौके से करन पाठक, योगेश कुमार आर्या और दीपक शर्मा को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस, काले रंग की स्प्लेंडर प्लस और एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल है। ये वाहन बनभूलपुरा और मुखानी थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी के वाहनों को खरीदने वाले मैकेनिक विजय श्रीवास्तव को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तीन अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें स्प्लेंडर प्रो, स्प्लेंडर प्लस और पल्सर मोटरसाइकिल शामिल हैं। ये वाहन काठगोदाम, हल्द्वानी और भीमताल क्षेत्रों से संबंधित चोरी के मामलों के पाए गए। इस प्रकार पुलिस ने कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
चोरी के बाद मैकेनिक के पास पहुंचती थीं बाइकें
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र में दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। वाहन चोरी करने के बाद उन्हें मुखानी निवासी मैकेनिक विजय श्रीवास्तव को बेच दिया जाता था। विजय श्रीवास्तव चोरी की मोटरसाइकिलों को आगे बेचने के लिए उत्तर प्रदेश से लोगों को बुलाता था। इसके अलावा वह मोटरसाइकिलों के पुर्जे अलग-अलग कर उन्हें बेच देता था। इस तरह चोरी के वाहनों से मिलने वाली रकम को सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क में वाहन चोरी करने वालों से लेकर चोरी के वाहनों को खरीदने और उनके पुर्जे बेचने तक की व्यवस्था बनी हुई थी। मैकेनिक की गिरफ्तारी से चोरी के वाहनों को खपाने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
तीन आरोपियों पर काठगोदाम में भी दर्ज है मामला
पुलिस ने बताया कि करन पाठक, योगेश कुमार आर्या और दीपक शर्मा के विरुद्ध कोतवाली काठगोदाम में भी धारा 303(2), 317(2) और 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज यादव (कोतवाली बनभूलपुरा), हेड कांस्टेबल आनंद पुरी (कोतवाली लालकुआं), कांस्टेबल दिलशाद अहमद और महबूब अली (कोतवाली बनभूलपुरा), कांस्टेबल रवीन्द्र खाती और रोहित कुमार (कोतवाली मुखानी), कांस्टेबल प्रेम प्रकाश (कोतवाली काठगोदाम) तथा कांस्टेबल सुनील कुमार (कोतवाली बनभूलपुरा) शामिल रहे।
पुलिस टीम को 2,500 रुपये का इनाम
वाहन चोरी के गिरोह का पर्दाफाश कर छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद करने वाली पुलिस टीम के कार्य की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सराहना की है। उन्होंने पूरी टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।









