यूपी के चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई
CNE REPORTER, सुयालबाड़ी (नैनीताल)। नैनीताल जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ढोकाने वॉटर फॉल में शराब पीकर हुड़दंग मचाना उत्तर प्रदेश से आए कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर शराब के नशे में अभद्रता कर रहे युवकों को फटकार लगाई और उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, ढोकाने वॉटर फॉल में कुछ युवक शराब का सेवन कर शोर-शराबा और अभद्र व्यवहार कर रहे थे। इससे वहां घूमने आए अन्य पर्यटकों, महिलाओं तथा स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद सुयालबाड़ी चौकी इंचार्ज अरुण राणा पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने युवकों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई और सार्वजनिक स्थल पर शराब पीकर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में उनका चालान किया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद अन्य लोगों में भी अनुशासन का संदेश गया।
इस दौरान चौकी इंचार्ज अरुण राणा ने क्षेत्र के रेस्टोरेंट, ढाबा और दुकान संचालकों को भी स्पष्ट चेतावनी दी कि वे अपने प्रतिष्ठानों में किसी भी व्यक्ति को शराब का सेवन करने की अनुमति न दें। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी प्रतिष्ठान में शराब पिलाने या इस प्रकार की गतिविधियों को बढ़ावा देने की शिकायत मिली तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा कि ढोकाने वॉटर फॉल नैनीताल जिले के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे स्थानों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग या अभद्रता करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान चौकी इंचार्ज अरुण राणा के साथ पुलिस टीम में गोपाल सिंह बिष्ट एवं विजय आगरी भी मौजूद रहे।



