CNE REPORTER, दन्या। अल्मोड़ा जिले के दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा में प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने जमकर हमला बोला। शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, पेपर लीक, परिवहन व्यवस्था और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सरकार को घेरते हुए आगामी चुनावों में सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन महरा ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, यातायात और पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सरकार इन मुद्दों के समाधान में पूरी तरह नाकाम रही है।

करन महरा ने कहा कि प्रदेश में लगातार मंदिरों में हो रही चोरियों की घटनाएं भी सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि बीते साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार ऐसा कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं कर सकी, जिसे उसकी बड़ी उपलब्धि माना जा सके। उन्होंने प्रदेश के समग्र विकास और आम जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।
उन्होंने महिलाओं से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए अंकिता भंडारी प्रकरण सहित अन्य घटनाओं का जिक्र किया। महरा ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों का ध्यान भटकाने के लिए केवल सीबीआई जांच की घोषणा कर चुप बैठ गई, जबकि पीड़ितों को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि उनके प्रयासों से लगभग दस वर्ष पूर्व गुरड़ाबांज में मुंशी हरिप्रसाद टम्टा शिल्प उन्नयन केंद्र की स्थापना के लिए धनराशि स्वीकृत हुई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय इस परियोजना पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद भाजपा सरकार के कार्यकाल में बीते दस वर्षों में यह संस्थान पूरा नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने साढ़े चार वर्षों में किसी भी बड़ी विकास योजना का शासनादेश जारी नहीं किया और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम करते हुए संविधान की भावना को कमजोर किया है।
परिवर्तन संकल्प यात्रा में विभिन्न गांवों और न्याय पंचायतों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग पहुंचे। कार्यक्रम में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने विशेष आकर्षण पैदा किया, जिस पर गोविंद सिंह कुंजवाल ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे परिवर्तन की मजबूत शुरुआत बताया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज ‘गुड्डू’, ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट, पूर्व प्रमुख महेंद्र मेर, पीतांबर पांडे, पूरन बिष्ट, दीवान सतवाल, वीरेंद्र मलाड़ा, दीवान राम आर्य, धन सिंह मलाड़ा, प्रशांत भैसोड़ा, कमल बिष्ट सहित अनेक नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष पूरन बिष्ट ने संचालन किया। वहीं आधा दर्जन बीडीसी सदस्यों, गणेश बिष्ट, गोविंद गोस्वामी सहित कई ग्राम प्रधानों और अन्य लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। सभा में विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



