►► राजीव गुरुरानी के नेतृत्व में एसएसपी से मिला भाजपा का शिष्टमंडल


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: भाजपा के एक शिष्टमंडल प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजीव गुरुरानी के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिला और उनका ध्यान नगर की यातायात व्यवस्था की तरफ खींचा। उन्हें ज्ञापन सौंपकर बताया कि अब विद्यालय खुलने व बंद होने के समय में बदलाव हो चुका है और उसी समय को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था में उचित बदलाव किया जाए।
ज्ञापन में कहा गया कि एनटीडी फायर स्टेशन से शिखर होटल तिराहे तक विद्यालयीय समय में यातायात प्रतिबंधित रहता है, लेकिन बढ़ती गर्मी के चलते शासन ने विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया है। पूर्व में प्रातः 9 बजे से संचालित होने वाले विद्यालय अब सुबह लगभग 7 बजे से लग रहे हैं। ऐसे में वर्तमान यातायात व्यवस्था में बदलाव जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके अलावा जीआईसी अल्मोड़ा के समीप स्थित दोपहिया वाहन पार्किंग में प्रशासन द्वारा लागू व्यवस्था सफल साबित हुई है। इसी तर्ज पर नवनिर्मित भैरव मंदिर के पास स्थित दोपहिया वाहन पार्किंग एवं केएमओ पार्किंग को भी प्रारंभ कर यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाए जाने की मांग की गई। शिष्टमंडल ने माल रोड पर रात्रि 8 बजे खुलने वाली यातायात व्यवस्था का समय आधा घंटा बढ़ाकर 8:30 बजे करने का भी अनुरोध किया। ज्ञापन सौंपने वालों में गुरुरानी के साथ भाजपा के जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट, जगत कनवाल, मदन बिष्ट, विनोद जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


