नैनीताल-भवाली में बिछा AI कैमरों का जाल
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट: ₹33 लाख का निवेश, सुरक्षा होगी अभेद्य
CNE REPORTER, हल्द्वानी/नैनीताल: उत्तराखंड की पर्यटन नगरी अब हाईटेक सुरक्षा के एक नए युग में प्रवेश कर रही है। कुमाऊं कमिश्नर और मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने पर्यटन सीजन और यातायात प्रबंधन को लेकर एक बड़ा मास्टरस्ट्रोक खेला है। अब ब्रेकिंग न्यूज: अब तीसरी आंख के पहरे में सरोवर नगरी ! नैनीताल, भीमताल और भवाली जैसे क्षेत्रों की निगरानी कोई साधारण कैमरा नहीं, बल्कि AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित ANPR (Automatic Number Plate Recognition) कैमरे करेंगे।


विकास प्राधिकरण द्वारा 33 लाख रुपये की लागत से नैनीताल और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ये कैमरे लगाए जा रहे हैं। कमिश्नर दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि इन कैमरों का उद्देश्य केवल निगरानी नहीं, बल्कि एक साइंटिफिक डाटा सेंटर तैयार करना है।

📸 क्या है ANPR कैमरों की खासियत?
- सटीक ट्रैकिंग: शहर में कितने वाहन घुसे और कितने बाहर गए, इसका रियल-टाइम डाटा उपलब्ध रहेगा।
- मोबाइल मॉनिटरिंग: अधिकारी कहीं से भी अपने मोबाइल के जरिए यातायात की स्थिति देख सकेंगे।
- अपराध और गति पर लगाम: ओवरस्पीडिंग और संदिग्ध वाहनों की पहचान अब सेकंडों में होगी।
- टोल चोरी पर लगाम: नैनीताल नगर पालिका द्वारा वसूले जाने वाले टोल टैक्स में होने वाली अनियमितताओं की अब इन कैमरों से क्रॉस-चेकिंग की जाएगी।
कैंची धाम के लिए विशेष तैयारी: 15 जून से पहले लगेगा ‘डिजिटल पहरा’
बाबा नीम करौली के भक्तों के लिए बड़ी खबर! कमिश्नर ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि 15 जून 2026 को लगने वाले विशाल मेले से पहले कैंची धाम गेट पर ANPR कैमरा अनिवार्य रूप से लग जाना चाहिए।
“इस तकनीक से हम कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं की शत-प्रतिशत सटीक संख्या का आकलन कर पाएंगे।” — दीपक रावत, कमिश्नर
खास बात यह रही कि कमिश्नर ने बैठक के दौरान ही इस कैमरे के लिए धनराशि आवंटित कर दी।
📊 पिछले 24 घंटे का चौंकाने वाला डाटा (प्रेजेंटेशन हाइलाइट्स)
शुक्रवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में हुई बैठक में पुलिस विभाग ने पिछले 24 घंटे के यातायात का जो कच्चा चिट्ठा पेश किया, वह हैरान करने वाला है:
| रूट | वाहनों की संख्या |
| हल्द्वानी से नैनीताल | 3,958 वाहन |
| नैनीताल से हल्द्वानी | 1,577 वाहन |
| भवाली से नैनीताल | 2,540 वाहन |
| नैनीताल से भवाली | 2,323 वाहन |
डाटा प्रेजेंटेशन के दौरान एएसपी आर.डी. मठपाल समेत पुलिस महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का यह कदम न केवल जाम की समस्या से मुक्ति दिलाएगा, बल्कि देवभूमि की सुरक्षा को भी ‘स्मार्ट’ बनाएगा।


