मौसम विभाग और जिला प्रशासन की चेतावनी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर खतरनाक रुख अपना लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं, 20 जुलाई (सोमवार) के लिए जनपद नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। संभावित भारी से बहुत भारी वर्षा और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई शाम 5:56 बजे से रात 8:56 बजे तक अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, बिजली चमकने, आंधी-तूफान तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है।
हल्द्वानी, रामनगर, काशीपुर, बाजपुर, टनकपुर, लोहाघाट, मुक्तेश्वर, रानीखेत, थराली, केदारनाथ, बद्रीनाथ, रुड़की, लक्सर और कोटद्वार समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कल नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट, सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 20 जुलाई के लिए नैनीताल जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है, जिससे नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर तेजी से बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 20 जुलाई (सोमवार) को जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास न जाएं तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



