बिना काम चल रहे भी दरक गई कच्ची पहाड़ी
आनन-फानन में खोला वैकल्पिक लिंक मार्ग
क्वारब (अल्मोड़ा)/— मौके से अनूप सिंह जीना की रिपोर्ट : अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संवेदनशील ‘क्वारब डेंजर जोन’ से एक बार फिर डराने वाली खबर सामने आई है। आज बृहस्पतिवार को अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबे और बोल्डरों की बरसात हो गई। इस भूस्खलन के कारण हाईवे पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर वाहनों के पहिये थम गए। हालांकि, इस आपातकालीन स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाया है और लंबे समय से प्रतीक्षित क्वारब-चौंसली लिंक मार्ग को यातायात के लिए तुरंत खोल दिया गया है।

हैरानी की बात यह है कि आज संबंधित निर्माण कंपनी द्वारा हाईवे पर सुधारीकरण या कटिंग का कोई कार्य नहीं किया जा रहा था। इसके बावजूद, पहाड़ी के अत्यधिक कच्चे और संवेदनशील होने के कारण अचानक भरभराकर भारी मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर मुख्य सड़क पर आ गिरे। गनीमत रही कि उस वक्त कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, लेकिन देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री बीच राह में फंस गए।
अचानक पैदा हुए आपात हालात
उल्लेखनीय है कि क्वारब-चौंसली लिंक मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल करने के लिए गत दिनों प्रशासन और संबंधित विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया था। इस निरीक्षण के बाद से ही मार्ग को खोले जाने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन तकनीकी पेंच यह था कि जिलाधिकारी (डीएम) अल्मोड़ा की ओर से अनुमति के आदेश की आधिकारिक प्रति विभाग को प्राप्त नहीं हुई थी। अधिकारी अभी इस लिंक मार्ग को खोलने के कानूनी और सुरक्षा मानकों पर विचार-विमर्श कर ही रहे थे कि प्रकृति ने अचानक फैसला सुना दिया और हाईवे बंद होने के कारण प्रशासनिक मशीनरी को तुरंत एक्शन में आना पड़ा।
नए लिंक मार्ग की ओर जाते वाहन 👉
एनएच विभाग का त्वरित एक्शन, ट्रैफिक डायवर्ट
हालात की गंभीरता को देखते हुए नेशनल हाईवे (NH) विभाग ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई की। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कागजी कार्रवाई के इंतजार को दरकिनार करते हुए विकल्प के तौर पर क्वारब-चौंसली लिंक मार्ग को आज ही वाहनों की आवाजाही के लिए हरी झंडी दे दी गई। वर्तमान में हाईवे पर फंसे छोटे और आवश्यक वाहनों को इसी लिंक मार्ग से सुरक्षित निकाला जा रहा है और ट्रैफिक को पूरी तरह डायवर्ट कर दिया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एनएच के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि क्वारब में अचानक पत्थर और बोल्डर गिरने से मुख्य मार्ग पर गंभीर समस्या पैदा हो गई है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए चौंसली लिंक मार्ग से आवागमन शुरू करा दिया गया है। वहीं, मौके पर कानून और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस कांस्टेबल अंकित सुयाल और कांस्टेबल गोपाल बिष्ट मुस्तैदी से डटे हुए हैं और वाहनों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं।


