मादक पदार्थ तस्करी पर कसा शिकंजा
ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास हुई गिरफ्तारी
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.56 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बरामद स्मैक को जब्त कर उसके खिलाफ मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और उसे नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को थाना बनभूलपुरा पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ट्रेंचिंग ग्राउंड के सामने कच्चे मार्ग पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 14.56 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत की गई। अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी/लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार अभियान चलाकर नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज पुत्र अफगेज (32 वर्ष) निवासी काबुल का गेट, छोटी रोड, इन्द्रानगर वार्ड संख्या-30, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है तथा नियमानुसार उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल दिलशाद अहमद तथा कांस्टेबल पान सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार लगातार जारी रहेगा।


