सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: नगर के जीतनगर इलाके में स्कूल से कमरे की तरफ लौट रहे एक छात्र पर बंदर ने अचानक हमला बोल दिया और उसे लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत बंदर को भगाकर छात्र की जान बचाई और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

यहां जीतनगर में किराए के कमरे रहकर पढ़ाई करने वाले छात्र अनुज कुमार गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद कमरे में लौट रहा था, तो इसी दौरान रास्ते में एक बंदर ने उस पर पीछे से हमला कर दिया। बंदर ने छात्र के सिर को बुरी तरह नोचकर उसे लहूलुहान कर दिया। छात्र जोर से चीखा तो स्थानीय लोग मदद को पहुंचे और उन्होंने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉ. सुधा जोशी ने उसका उपचार किया। डाक्टर ने बताया कि छात्र के सिर पर दो-तीन गहरे घाव बंदर के हमले से हुए हैं।प्राथमिक उपचार और एंटी रैबीज वैक्सीन लगाने के बाद उसे घर भेज दिया। इधर, स्थानीय निवासियों ने नगर क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक पर गहरा आक्रोश जताते हुए वन विभाग से सुध लेने की मांग की है।


