राजकीय पौधालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं को भी कराया शैक्षिक भ्रमण


सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: उद्यान विभाग बागेश्वर की ओर से यहां राजकीय पौधालय में ‘सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली की स्थापना एवं रखरखाव’ विषयक कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। जिसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर कम लागत में अधिक उत्पादन करने की तरकीब बताना और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। प्रशिक्षण में जनपद के लगभग 100 काश्तकारों ने भागीदारी की।
वहीं राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए भ्रमण कार्यक्रम भी आयोजित किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पॉलीहाउस तकनीक, सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, पौध संवर्धन की विधियों जैसे कटिंग, ग्राफ्टिंग और बडिंग की जानकारी दी गई। इसके अलावा पौधों के रखरखाव, उद्यान स्थापना, मृदा परीक्षण तथा प्रसंस्करण आधारित इकाइयों की कार्यप्रणाली से भी परिचित कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र काफलीगैर के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. राजकुमार ने सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के लाभों और इसके रखरखाव की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में जल संरक्षण खेती का अहम हिस्सा बन चुका है और सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली किसानों के लिए लाभकारी विकल्प साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि ड्रिप एवं स्प्रिंकलर आधारित सिंचाई पद्धति के माध्यम से पानी की बचत के साथ फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। साथ ही किसानों को सिस्टम के रखरखाव, पाइपलाइन सफाई और तकनीकी सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
विषय विशेषज्ञ हरीश जोशी ने मौसमी सब्जियों में लगने वाले रोगों, कीट प्रबंधन और रोकथाम के उपायों पर जानकारी साझा की। उन्होंने किसानों को समय रहते रोगों की पहचान करने और संतुलित उर्वरक व जैविक उपाय अपनाने की सलाह दी। विद्यार्थियों ने पौधालय में विभिन्न तकनीकों को नजदीक से देखकर उत्साह व्यक्त किया। वही मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती ने कृषि विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों और सरकारी सहायता के माध्यम से खेती को लाभकारी बनाया जा सकता है। वहीं जिला उद्यान अधिकारी हरीश चंद्र आर्या ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली स्थापना के लिए दिए जा रहे अनुदान और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक कुलदीप जोशी, हरीश कोरंगा, प्रमोद सिंह राणा, शैलेश तिवारी, नंदन सिंह गढ़िया सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


