✿ अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस: राजकीय संग्रहालय में भातखंडे के बच्चों ने बांधा समां


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां राजकीय संग्रहालय में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिसमें भातखंडे संगीत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं विशेषज्ञों ने संग्रहालयों व धरोहरों के महत्व को समझाया और धरोहरों के संरक्षण पर जोर दिया। संस्कृति विभाग, राजकीय संग्रहालय, अल्मोड़ा की ओर से आयोजित कार्यक्रम के जरिये इतिहास, संस्कृति और कला के संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को भारतीय परंपरा और विरासत से जोड़ने का प्रयास किया गया। भातखंडे संगीत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कथक, शास्त्रीय संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
संग्रहालय सिर्फ इमारत नहीं, सभ्यता की पहचान: डा. चौहान

राजकीय संग्रहालय के प्रभारी निदेशक डॉ. चंद्र सिंह चौहान ने कहा कि संग्रहालयों में सुरक्षित शताब्दियों पुरानी धरोहरें इतिहास के अध्ययन और प्राचीन सभ्यताओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि संग्रहालय समाज को अतीत से जोड़ने का कार्य करते हैं और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों को जानने का अवसर प्रदान करते हैं।
विरासतों के सरंक्षण के प्रति सजग रहें: डा. फुलोरिया

एसएसजे विश्वविद्यालय के संग्रहालय प्रभारी डॉ. चंद्र प्रकाश फुलोरिया ने संग्रहालयों में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संग्रहालय केवल प्राचीन वस्तुओं को सुरक्षित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये आने वाली पीढ़ियों को अपनी सभ्यता, संस्कृति और इतिहास से परिचित कराने का महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी विरासत के संरक्षण के प्रति सजग रहना चाहिए, ताकि ऐतिहासिक धरोहरों को सुरक्षित रखा जा सके। इस अवसर पर शिवराज सिंह, अखिलेश कुमार मौर्या, जन्मेजय तिवारी, रवि बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक मौजूद रहे।


