╰┈➤ टैक्सी से हो रही थी तस्करी, पुलिस टीम को ढाई हजार रूपये का इनाम
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: चेकिंग के दौरान जिले के सल्ट थाना पुलिस ने करीब साढ़े नौ लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है, जो तस्करी कर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में बीते बुधवार को पुलिस टीम चिमटाखाल तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टैक्सी वाहन (अर्टिगा) संख्या UK 19TA-1223 में सवार चालक जगत सिंह अधिकारी, निवासी ग्राम नाथूजाला कोटाबाग, थाना कालाढूंगी जिला नैनीताल के कब्जे से 02 प्लास्टिक के कट्टों में क्रमशः 17.560 किग्रा व 20.660 किग्रा (कुल 38.220 किग्रा) गांजा बरामद हुआ। जो अवैध रूप से तस्करी किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और थाना सल्ट में उसके खिलाफ धारा-8/20/60 NDPS एक्ट के तहत एफआईआर पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही की गई। टैक्सी कार को सीज किया गया। पुलिस टीम बरामद गांजे के क्रय विक्रय स्रोतों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस उपलब्धि पर एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है। पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत करीब 9.55 लाख रुपये आंकी है। पुलिस टीम में एएसआई दीवान सिंह बिष्ट व दीप चन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार, हेमन्त मनराल व विरेन्द्रपाल सिंह, कांस्टेबल अमरेन्द्र कुमार शामिल रहे।










