✸ कत्ल की फर्जी सूचना दी, आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग पर खाई फटकार

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां एक व्यक्ति ने हेल्पलाइन नंबर पर काल कर पुलिस को इत्तला कर दी कि उसने अपने परिवार के सदस्यों को जान से मार दिया है। यह सूचना पाकर सकते में आई पुलिस आननफानन में मौके पर पहुंची, तो पता चला कि सूचना फर्जी थी। इस पर पुलिस ने सूचना देने वाले को कड़ी फटकार लगाई और आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग करने पर 10 हजार रुपये का कोर्ट चालान काट दिया।
मामला बीते बुधवार का है। नगर अंतर्गत चौकी धारानौला क्षेत्र अंतर्गत दुगालखोला निवासी बृजेश सिंह बिष्ट पुत्र कल्याण सिंह बिष्ट ने आपातकालीन सेवा डायल 112 का प्रयोग करते हुए पुलिस को सूचित कर दिया कि उसने अपने परिवार के सदस्यों को जान से मार दिया है। सूचना की गंभीरता को भांपते हुए चौकी प्रभारी आनंद बल्लभ कश्मीरा मय पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुए तथा वहां पहुंचकर मामले की जांच की, तो पाया कि बृजेश सिंह बिष्ट झूठी एवं भ्रामक सूचना दी थी। इससे पुलिस की फजीहत हुई और आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग हुआ। इस पर बृजेश बिष्ट को कड़ी फटकार लगी और पुलिस को गुमराह करने पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 10,000 रुपये का कोर्ट चालान किया। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की भ्रामक सूचना न देने की सख्त हिदायत दी गई।


