✸ गांधी पार्क में धरना देकर सरकार के विरुद्ध उगला गुस्सा


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: पर्वतीय क्षेत्रों से जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग पर सर्वदलीय संघर्ष समिति अल्मोड़ा आंदोलन पर अडिग है। हर मंगलवार की भांति आज मंगलवार को भी समिति के बैनर तले फिर धरना दिया गया और सरकार की अनसुनी के खिलाफ नारेबाजी की।
सर्वदलीय संघर्ष समिति ने उक्त मांग को लेकर आज मंगलवार को यहां गांधी पार्क में धरना दिया और लंबे आंदोलन के बावजूद अनुसनी पर नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ गुस्सा उगला। उन्होंने अविलंब जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की पुरजोर मांग उठाई। इस मौके पर समिति के संयोजक प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि कई सालों से लगातार डीडीए के खिलाफ आंदोलन चल रहा है, लेकिन सरकार के कानों में जूं नहीं रेंग रही। जिससे लोगों को कई परेशानियां हो रही हैं और आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने इस मामले पर सरकार के ढुलमुल रवैये को तानाशाही का परिणाम बताया और चेतावनी दी कि जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। आज धरने में पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, प्रताप सिंह सत्याल, शहाबुद्दीन, अख्तर हुसैन, लक्ष्मण सिंह ऐठानी, प्रतेश कुमार पांडे, हेम चंद्र जोशी, हेम तिवारी, भारत रत्न पांडे, सुनयना मेहरा आदि बैठे।


