सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: बीती शनिवार रात एक स्विफ्ट कर संख्या यूके 04 एई 2425 असंतुलित होकर करीब 50 फिट नीचे खाई में जा गिरी। जिसमें एक व्यक्ति को गंभीर चोट आने से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि तीन अन्य सवारों को हल्की चोटें आईं।
घटना जिले के थाना देघाट अंतर्गत् तिमली पिपुड़ा पुल के पास हुई। हादसा बीती रात करीब 10:30 बजे से 11 बजे के बीच हुआ। इसकी सूचना डायल 112 से पुलिस को मिली। इसके बाद थाना देघाट से पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने कार में सवार साईं हॉस्पिटल, हल्द्वानी के डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. मनन वर्मा, डॉ. अनिरुद्ध वैद्य व मार्केटिंग ऑफिसर प्रशांत को स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि 108 की मदद से स्याल्दे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए भेजा। घायल डा. मनन को हायर सेंटर भेजा गया है, जबकि अन्य तीनों को हल्की चोटें आई हैं और सभी की हालत ठीक है।

