✸ वनाग्नि को लेकर डीएम अंशुल सिंह का सख्त एक्शन, पहरा बढ़ाने के सख्त निर्देश

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं को लेकर प्रशासन गंभीर और सख्त हो चुका है। डीएम अंशुल सिंह के निर्देश पर जानबूझकर एवं लापरवाही से वनाग्नि की घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऐसे 05 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। डीएम ने साफ चेतावनी दी है कि जंगलों में जबरन आग लगाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
जिलांतर्गत थाना सल्ट, रानीखेत, चौखुटिया, द्वाराहाट तथा भतरौंजखान में एक-एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई हैं। जिनकी जांच की जा रही है। इस एफआईआर का लक्ष्य जंगलों में आग लगा रहे असामाजिक एवं शरारती तत्वों की पहचान कर उन्हें कानूनी सबक सिखाना है। डीएम अंशुल सिंह ने कहा कि वनाग्नि केवल जंगलों तक सीमित समस्या नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण, वन्यजीवों, जैव विविधता, जल स्रोतों तथा मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा है। जंगलों में लगने वाली आग से प्राकृतिक संपदा को अपूरणीय क्षति पहुंचती है तथा स्थानीय लोगों की आजीविका भी प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जानबूझकर या लापरवाही से जंगलों में आग लगाने वालों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा है कि प्रशासन एवं वन विभाग की ओर से ऐसी संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने वन विभाग, राजस्व विभाग तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि लगातार वन क्षेत्रों में निगरानी रखें। गश्त बढ़ाएं तथा वनाग्नि की किसी भी संदिग्ध घटना में कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अज्ञात के विरुद्ध दर्ज मुकदमों में लगातार छानबीन और पूछताछ करते हुए दोषियों तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं और जो भी वनाग्नि की घटनाओं में दोषी पाए जाते हैं, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें।


