► स्वास्थ्य निदेशक से वार्ता के बाद डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन का निर्णय


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: पिछले साल की चारधाम यात्रा ड्यूटी के बिलों का भुगतान नहीं होने से नाखुश कुमाऊं मंडल के फार्मेसी अधिकारियों ने बाहों में काला फीता बांधकर विरोध जारी रखा है, हालांकि उन्होंने स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं के साथ वार्ता के बाद मई माह तक चारधाम यात्रा ड्यूटी का बहिष्कार स्थगित कर दिया है।

डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन कुमाऊं मंडल के आह्वान पर पिछले कई दिनों से पिछली बार की ड्यूटी के यात्रा बिलों का भुगतान नहीं होने से कुमाऊं में फार्मेसी अधिकारी अपने अपने कार्यस्थल पर बाहों में काला फीता बांधकर विरोध कर रहे हैं और उन्होंने चेतावनी दी थी कि जब तक बिलों का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक चारधाम यात्रा ड्यूटी का बहिष्कार किया जाएगा। इसी क्रम में कुमाऊं मंडल के स्वास्थ्य निदेशक व सीएमओ नैनीताल के साथ संगठन की वार्ता हो चुकी है। एसोसिएशन के अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष डीके जोशी ने बताया कि वार्ता में निदेशक ने आश्वासन दिया है कि शीघ्र यात्रा बिलों के भुगतान कर दिया जाएगा। इस संबंध में डीजी हेल्थ, उत्तराखंड को पत्र लिखकर भुगतान की अपेक्षा की है। निदेशक के आश्वासन पर अब फार्मेसी अधिकारियों ने मई माह तक चारधाम यात्रा ड्यूटी के बहिष्कार का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है, किंतु बिलों के भुगतान तक बाहों में काला फीता बांधकर विरोध जारी रखने का निर्णय लिया है।


