►► लखनऊ के तबला घराने के शीर्षस्थ कलाकार खलीफा उस्ताद आफाक हुसैन खां की स्मृति में शास्त्रीय संगीत समारोह


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: आगामी 10 मई को सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में लब्ध प्रतिष्ठित कलाकारों की मौजूदगी में शास्त्रीय संगीत की शानदार महफिल जमने जा रही है। यह महफिल नगर के शारदा पब्लिक स्कूल में आयोजित होगी, जो शास्त्रीय संगीत अंतर्गत तबला जगत के शीर्षस्थ कलाकारों में से एक खलीफा उस्ताद आफाक हुसैन खां की स्मृति में आयोजित हो रहा है। इसमें मुख्य अतिथि उस्ताद आफाक हुसैन खां के सुपुत्र एवं लखनऊ घराने के खलीफा उस्ताद इल्मास हुसैन खां होंगे।
आगामी 10 मई रविवार की शाम 4 बजे से शारदा पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा के प्रेक्षागृह में आयोजित होने जा रहे शास्त्रीय संगीत समारोह में देश के लब्ध प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ ही अल्मोड़ा के स्थानीय संगीत प्रेमी युवा प्रतिभाएं हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गुरु शिष्य परम्परा के अंतर्गत लखनऊ घराने (तबला) की वादन शैली को आगे बढ़ाना है। यहां उल्लेखनीय है कि किसी भी घराने की वादन शैली को आगे बढ़ाने के दो तरीके हैं:— पहला वंश परंपरा, जिसमें पीढ़ी दर पीढ़ी कला को आगे बढ़ाया जाता है ओर दूसरा शिष्य परंपरा, जिसमें वंश परंपरा से सीखे हुए शिष्यों द्वारा कला को आगे बढ़ाया जाता है। इसी क्रम में खलीफा उस्ताद आफाक हुसैन खां लखनऊ घराने (तबला) की सातवीं पीढ़ी के खलीफा हैं। पंकज कुमार चौधरी उस्ताद आफाक हुसैन खां के शिष्य हैं। जिन्होंने करीब 40 वर्ष पूर्व सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में आकर अन्य शिष्य तैयार किए। उनके शिष्यों में मुख्य रूप से राजेन्द्र सिंह न्याल व सुनील कुमार हैं, जो भातखंडे संगीत महाविद्यालय में तबला शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। जो उसी वादन शैली को आगे बढ़ाते हुए अन्य शिष्य तैयार कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में उनके दो शिष्य राजकुमार एवं ऋतु जोशी भी तबले में अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि उनके साथ हारमोनियम पर नेहा मुनगली संगत देंगी।
समारोह में मुंबई से आने वाले देश के जाने माने तबला वादक पंडित योगेश समशीजी भी शामिल होंगे। इनके साथ अयोध्या से जाने माने युवा हारमोनिपम वादक दिनकर द्विवेदी आएंगे। वहीं लखनऊ से रश्मि चौधरी का शास्त्रीय गायन होगा। इनके गायन के साथ लखनऊ घराने के खलीफा उस्ताद इल्मास हुसैन खां तबले में संगत करेंगे एवं हारमोनियम पर दिनकर द्विवेदी सुर बिखरेंगे। शास्त्रीय संगीत के इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजकों में पंकज कुमार चौधरी, शारदा पब्लिक स्कूल के संस्थापक शेखर लखचौरा, प्रिंसिपल विनीता लखचौरा, नामी दवा व्यवसायी एवं संगीत प्रेमी राघव पंत व अशोक पाण्डेय, राजेन्द्र सिंह नयाल एवं सुनील कुमार शामिल हैं। इनके अलावा कई मित्रगण और शिष्य सहयोग करेंगे।
इन संगीत सेवकों का होगा सम्मान
शास्त्रीय संगीत समारोह में संगीत की सेवा में समर्पित रहने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष इस सम्मान के लिए अल्मोड़ा के सरोद वादक पण्डित चंद्रशेखर तिवारी, तबला वादक व गायक निर्मल पंत, गायक एवं संगीतकार प्रभात शाह तथा गायकी के लिए जानी जाने वाली लता पाण्डेय को चुना गया है। जिन्हें समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
नामचीन कलाकार उस्ताद आफाक हुसैन खां
उस्ताद आफाक हुसैन खां शास्त्रीय संगीत में तबला जगत के शीर्षस्थ कलाकारों में से एक थे, जिनकी वादन शैली पूरे विश्व में सभी बड़े कलाकार अपना रहे हैं। उस्ताद आफाक हुसैन खां के व्यक्तित्व के बारे में कहा जा सकता है कि वो एक संत थे, क्योंकि नामी कलाकार होने के साथ ही अच्छा व्यक्तित्व भी उनकी एक खास पहचान थी। अक्सर वह व्यक्तित्व कम देखने को मिलता है, जो उस्ताद आफाक हुसैन खां साहब के अन्दर था।


