खटीमा | बीती रात खटीमा टनकपुर हाईवे पर चकरपुर जंगल इलाके में टनकपुर को जा रहे बाइक सवार हादसे का शिकार हो गए। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी पिकप जीप के पीछे जा घुसी। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल हो गए।
सूचना पाकर पहुंची चकरपुर चौकी पुलिस ने दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से खटीमा उप जिला चिकित्सालय भेजा। जहां पर जांच उपरांत चिकित्सकों ने 19 वर्षीय युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल युवक की गंभीर स्थिति देख उसे प्राथमिक उपचार उपरांत हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे का शिकार हुए दोनों युवक चंपावत जनपद के निवासी हैं।
युवक की पहचना चंपावत जिले के ग्राम बरदोली निवासी भवानी दत्त जोशी के पुत्र 19 वर्षीय सूरज जोशी के रूप में हुई है। साथी बाइक सवार चंपावत व्यापार मंडल के पूर्व कोषाध्यक्ष रमेश बिष्ट का पुत्र 20 वर्षीय पवन बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गया। पवन को उप जिला अस्पताल खटीमा में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों किसी आवश्यक कार्य हेतु चंपावत से बाइक से खटीमा आए हुए थे। खटीमा से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चंपावत क्षेत्र में शोक की लहर है।