╰┈➤ सालम समिति ने धारानौला में आयोजित किया राम सिंह धौनी का पुण्यतिथि समारोह
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं देश को जै हिंद का नारा देने वाले क्रांतिदूत स्व. राम सिंह धौनी की 96वीं पुण्यतिथि समारोह आज जिला पंचायत परिसर धारानौला में सालम समिति की ओर से आयोजित किया गया। जहां स्व. धौनी की आदमकद मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया और श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि दर्जा राज्यमंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल ने स्व. धौनी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि धौनी की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने और फ्रूट क्राफ्ट संस्थान का नाम उनके नाम पर रखने के प्रयास किए जाएंगे।
मुख्य अतिथि पिलख्वाल ने स्व. धौनी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समिति की मांग के अनुसार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राम सिंह धौनी की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करने, फ्रूट क्राफ्ट संस्थान का नाम धौनी के नाम पर रखने तथा पौधार मोटरमार्ग का नाम राम सिंह धौनी के नाम पर रखने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। सह मुख्य अतिथि एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने कहा कि 24 फरवरी 1893 को सालम के विनोला गांव में जन्मे राम सिंह धौनी द्वारा देश की आजादी में जगाई गई अलख को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने धौनी की जीवनी से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुंबई में आज भी उनके नाम से कई संस्थाएं कार्य कर रही हैं।
विशिष्ट अतिथि उपपा के केंद्रीय संयोजक एड. पीसी तिवारी ने कहा कि आज यदि धौनी जिंदा होते, तो देश की तस्वीर कुछ और होती। समारोह की अध्यक्षता सालम समिति के संरक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता गोविंद लाल वर्मा और संचालन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र रावत ने किया। समारोह में समिति के वरिष्ठ उपाध्याय इंजी. गोपाल सिंह मेहरा, पूर्व तहसीलदार लोकमणि भट्ट, सचिव अमरनाथ रजवार, विनोद जोशी, प्रदीप बिष्ट, पूर्व कर्मचारी नेता चंद्रमणि भट्ट, शिक्षाविद् चंद्रशेखर बनकोटी, लक्ष्मण सिंह ऐठानी, प्रो. एसएस पथनी, डॉ. हयात सिंह रावत, अर्बन बैंक के पूर्व अध्यक्ष आनंद सिंह बगड्वाल, पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ. जेसी दुर्गापाल, बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गिरीश मल्होत्रा, रेडक्रॉस के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, हयात सिंह बिष्ट, पूर्व प्रधानाचार्य गोपाल सिंह गैंडा, राजू पांडे, गणेश सिंह बिष्ट, उक्रांद के पूर्व जिला अध्यक्ष शिवराज बनोला सहित कई लोग शामिल रहे।
































