शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 4 गिरफ्तार
अराजकता करने वाले 5 लोगों पर भी कार्रवाई
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। आगामी छात्र संघ चुनाव को देखते हुए चुनावी प्रचार के दौरान हुड़दंग, अराजकता, यातायात व्यवस्था बाधित करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर 12 सितंबर की रात 11 बजे से 13 सितंबर की रात 2 बजे तक हल्द्वानी क्षेत्र में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 2 मुकदमे दर्ज किए गए, 20 वाहन सीज किए गए, शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा हुड़दंग और अराजकता करने वाले 5 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार आगामी छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर विभिन्न पदों के प्रत्याशियों द्वारा अपने पक्ष में प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा बिना अनुमति दीवारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग लगाए जाने, वाहनों पर सवार होकर जिग-जैग तरीके से वाहन चलाते हुए हुड़दंग करने, राह चलते लोगों के साथ गाली-गलौज करने तथा फड़-फेरी और रेहड़ी वालों के साथ मारपीट करने की शिकायतें सामने आई थीं।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग को घेरकर आमजन और आपातकालीन वाहनों का आवागमन बाधित करने तथा छात्र संघ चुनाव से संबंधित लिंगदोह समिति की सिफारिशों का उल्लंघन किए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
दो मुकदमे दर्ज
12 सितंबर को कोतवाली हल्द्वानी में पुलिस ने दो मामलों में मुकदमे दर्ज किए। पहले मामले में धारा 115(2), 125, 126(2), 19(2) और 352 भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकेश पाण्डे सहित 18 अन्य के खिलाफ कार्रवाई की गई। दूसरे मामले में धारा 2 और 3 उत्तराखंड सार्वजनिक संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 2003 के तहत अमन चन्द्र सहित 7 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
नशे में वाहन चलाने वाले चार गिरफ्तार
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए गए चेकिंग अभियान में पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में लवराज पुत्र रमेश राम, उम्र 24 वर्ष, निवासी नियर स्टेडियम, जरमानी कॉलोनी, अंबेडकर पार्क, दमुवाढूंगा, काठगोदाम; दीपक पाण्डे पुत्र पूरन पाण्डे, उम्र 30 वर्ष, निवासी तुलारामपुर, बेरीपड़ाव, लालकुआं; हिमांशु कुमार पुत्र गोपाल राम, उम्र 24 वर्ष, निवासी तीनपानी, हल्द्वानी; तथा आशीष पाण्डे पुत्र सुरेश चन्द्र पाण्डे, उम्र 36 वर्ष, निवासी ऊंचापुल, मुखानी शामिल हैं।
20 वाहन किए गए सीज
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत 20 वाहनों को सीज किया।
हुड़दंग और अराजकता पर पांच गिरफ्तार
क्षेत्र में अनावश्यक रूप से घूमकर हुड़दंग एवं अराजकता करने वाले पांच लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने धारा 172 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत हरीश कुमार मुन्स्यारी पुत्र चेत राम, उम्र 42 वर्ष, निवासी गोरपट्टा, मुनस्यारी, पिथौरागढ़; सचिन सिंह पुत्र युगेन्द्र सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी पलड़िया गांव, लामाचौड़, थाना मुखानी; पंकज डोबाल पुत्र धन सिंह डोबाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी जंगपांगी, देवलचौड़, मुखानी; प्रियांशु कुमार पुत्र दयाल राम, उम्र 22 वर्ष, निवासी हरीनगर, नथुवाखान, रामगढ़; तथा चन्द्र प्रकाश पुत्र केवल चन्द्र, उम्र 22 वर्ष, निवासी उपरोक्त को गिरफ्तार किया।




