सीएनई रिपोर्टर, क्वारब। क्वारब के पास शनिवार को एक बुलेट मोटरसाइकिल के अचानक रपट जाने से दो लोग घायल हो गए। हादसे में 19 वर्षीय युवक के बाएं पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि 20 वर्षीय युवती के बाएं पैर में फ्रैक्चर बताया गया है। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से निजी वाहन के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुयालवाड़ी पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को लगभग 11 बजकर 45 मिनट पर क्वारब क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही क्वारब पुलिस चौकी की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घायलों की पहचान अहरसिबल पुत्र राजाराम, निवासी धरमपुर, देहरादून, उम्र 19 वर्ष तथा अग्रिमा पुत्री आलोक ओली, निवासी दुगालखोला, अल्मोड़ा, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। दुर्घटना में अहरसिबल के बाएं पैर में गंभीर चोट लगी है। वहीं अग्रिमा के बाएं पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालवाड़ी पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का प्राथमिक उपचार चल रहा है। चिकित्सकीय परीक्षण एवं प्राथमिक उपचार के बाद आवश्यकता के अनुसार दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जाएगा।
पुलिस ने दोनों घायलों के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है। घटनास्थल पर पुलिस कर्मी कांस्टेबल आनंद राणा तथा महिला कांस्टेबल रीता बगड़वाल मौजूद रहे।



