वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं संभाला मोर्चा
पुलिस की विशेष मुस्तैदी
CNE REPORTER : विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के वार्षिक मेले और स्थापना दिवस के अवसर पर आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। बाबा नीम करौली महाराज के दर्शनों के लिए मंदिर परिसर सुबह से ही श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा, जहां अब तक 25,000 से अधिक भक्त आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं।

इस भव्य आयोजन के बीच आम जनता को भारी रूट डायवर्जन के कारण गंभीर जन समस्याओं का सामना करना पड़ा। जगह-जगह मार्ग बदले जाने से आवश्यक कार्यों से आने-जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को लंबे रास्तों का चक्कर काटना पड़ा, जिससे उन्हें भारी असुविधा हुई। हालांकि, इस स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस की भारी मुस्तैदी दिखाई दी। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए व्यापक सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था लागू की गई, जिससे मेला क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।
भारी भीड़ के दृष्टिगत नैनीताल पुलिस द्वारा एक वृहद एवं सुगम ट्रैफिक प्लान तैयार कर लागू किया गया। मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने की स्थिति में यातायात को सुचारू रखने के लिए विभिन्न चिन्हित स्थानों से शटल सेवा का सुव्यवस्थित संचालन किया गया। यातायात नियंत्रण और जाम की स्थिति से निपटने के लिए भवाली स्थित फॉरेस्ट बैरियर को शटल सेवा का मुख्य स्टॉपेज बनाया गया है।

पैदल चल रहे भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निर्देश जारी किए गए हैं कि फॉरेस्ट बैरियर से आगे कैंची धाम तक सभी श्रद्धालु केवल पैदल ही यात्रा करेंगे। पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा पर आने से पहले सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में उपलब्ध कराए गए रूट प्लान व ट्रैफिक एडवाइजरी का अध्ययन कर लें और यातायात नियमों का पालन करें।

मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मंजूनाथ टी०सी० ने स्वयं धरातल पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमान संभाली। उन्होंने संपूर्ण मेला क्षेत्र का लगातार जायजा लिया और कैंची मेले के लिए विशेष रूप से बनाए गए मुख्य कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण कर कर्मचारियों को हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
फॉरेस्ट बैरियर सहित विभिन्न संवेदनशील पॉइंटों का निरीक्षण करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों को कड़े निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संपूर्ण पुलिस बल को संवेदनशीलता, सेवा भाव और बुजुर्गों व बच्चों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने को कहा गया है। रूट से लेकर धाम परिसर तक ट्रैफिक पुलिस, सिविल पुलिस और अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है।
क्वारब पुलिस की विशेष मुस्तैदी
मेला आयोजन के दौरान क्वारब क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद मजबूत रखा गया। यहां क्वारब पुलिस की भारी संख्या में तैनाती देखने को मिली। क्वारब चौकी इंचार्ज अरुण राणा और गोपाल बिष्ट पूरे दिन मुस्तैद रहकर व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए दिखाई दिए, जिससे इस संवेदनशील रूट पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रही।


