आधी रात को दाखिल हुए चोर, मंदिर का घंटा भी चुराया
पहले भी चोरी हो चुके हैं 5 कलश और दानपात्र
सीएनई रिपोर्टर। लालकुआं कोतवाली के हल्दुचोड़ चौकी क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मोटाहल्दू चौराहे के पास प्राचीन शिव मंदिर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे लगातार धार्मिक स्थलों को अपना निशाना बना रहे हैं। मंगलवार की रात चोरों ने एक बार फिर मंदिर परिसर में घुसकर न केवल मंदिर का घंटा चोरी कर लिया, बल्कि वहां विश्राम कर रहे एक राहगीर के मोबाइल और पर्स पर भी साफ हाथ कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।

मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान का रहने वाला एक राहगीर मंगलवार की रात मोटाहल्दू के इसी प्राचीन शिव मंदिर में विश्राम कर रहा था। पीड़ित राहगीर के मुताबिक, रात करीब 2:00 बजे से 4:00 बजे के बीच जब वह गहरी नींद में था, तभी अज्ञात चोरों ने उसके तकिए के पास रखा मोबाइल और नकदी से भरा पर्स उड़ा लिया। जब सुबह उसकी आंख खुली तो सामान गायब देख उसके होश उड़ गए। चोरों ने सिर्फ राहगीर को ही नहीं लूटा, बल्कि मंदिर में टंगे भारी घंटे पर भी हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने तुरंत इस पूरी घटना की सूचना हल्दुचोड़ चौकी पुलिस को दी है।
दरअसल, यह कोई पहली बार नहीं है जब इस प्राचीन शिव मंदिर को निशाना बनाया गया हो। अभी हाल ही में इसी मंदिर से लगातार पांच कलश चोरी होने का एक बड़ा प्रकरण सामने आया था, जिससे क्षेत्र में काफी सनसनी फैली थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में बार-बार हो रही इन चोरियों से ऐसा लगता है कि चोरों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
इस दुस्साहसिक चोरी के बाद स्थानीय समाजसेवी विक्की पाठक ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस प्राचीन शिव मंदिर में कलश चोरी और दानपात्र चोरी होने की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन बेहद अफसोस की बात है कि हल्दुचोड़ चौकी और लालकुआं कोतवाली पुलिस आज तक इनमें से एक भी घटना का खुलासा करने में पूरी तरह नाकाम रही है। पुलिस की इसी सुस्ती के कारण चोरों के हौसले सातवें आसमान पर हैं।
नशेड़ियों के गैंग पर गहराया शक
समाजसेवी विक्की पाठक और स्थानीय ग्रामीणों का साफ तौर पर मानना है कि क्षेत्र में सक्रिय नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग और स्मैकिया गैंग इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। नशे की लत को पूरा करने के लिए ये शातिर चोर धार्मिक स्थलों को निशाना बना रहे हैं और राहगीरों को लूट रहे हैं। स्थानीय जनता ने पुलिस से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और नशेड़ियों के खिलाफ सख्त से सख्त अभियान चलाया जाए।
अब क्षेत्र में सबसे बड़ा सवाल यही गूंज रहा है कि जो हल्दुचोड़ चौकी पुलिस पिछली कई चोरियों का सुराग लगाने में फिसड्डी साबित हुई है, क्या वह इस ताजा वारदात का खुलासा कर पाएगी? क्या राजस्थान से आए इस गरीब राहगीर को उसका मोबाइल और पर्स वापस मिल पाएगा? बहरहाल, इस घटना ने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है और अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है।


