➤ अपने नेता के दर्शन को कुमाऊंभर से पहुंचे समर्थक, मगर निराश लौटे
➤ खराब मौसम बना रोड़ा, पंतनगर से फोन पर संबोधन, जल्द आने का वादा

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां लोअर माल रोड स्थित सिमकनी मैदान में आज गुरूवार को कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सुनने के लिए अल्मोड़ा समेत कुमाऊं के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और अन्य लोग बड़े उत्साह से हजारों की तादाद में पहुंचे। अधिसंख्य भीड़ उमड़ने से पूरा मैदान कांग्रेसमय बन गया, किंतु खराब मौसम के चलते राहुल गांधी का हेलीकाप्टर पंतनगर से आगे उड़ान नहीं भर सका और उन्हें दौरा रद्द करना पड़ा। इससे दूर-दूर से बड़ी संख्या में अपने नेता को सुनने पहुंचे लोगों को बड़ी निराशा हुई, हालांकि राहुल गांधी ने पंतनगर से ही फोन से संक्षिप्त रूप से संबोधित किया। (आगे पढ़ें…)

उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिन पूर्व राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरे का कार्यक्रम तय हुआ था, जिसके तहत आज गुरूवार को उन्हें अल्मोड़ा में रैली को संबोधित करना था। कांग्रेस की ओर से सिमकनी मैदान में कई दिनों की मेहनत के बाद भव्य मंच व बैठक व्यवस्था की गई थी। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे, ट्रैफिक रूट बदले गए थे। अल्मोड़ा समेत रूद्रपुर, हल्द्वानी, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर आदि जनपदों से बड़ी तादाद में कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ता तथा कई स्थानीय लोग भी राहुल को सुनने पहुंचे थे। राहुल गांधी का यहां पहुंचने का कार्यक्रम करीब 11 बजे था, मगर करीब 10 बजे से ही लोगों का सभा स्थल पर पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उत्सुकता को बयां कर रहा था। जनसभा में राहुल गांधी के इंतजार के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, महिला अपराध आदि प्रमुख मुद्दों पर बोलते हुए प्रदेश सरकार की जमकर खिंचाई की और कहा कि इस सरकार से आम जनता आजिज आ चुकी है और बदलाव चाहती है। कांग्रेस नेताओं ने जनसभा के माध्यम से संकल्प लिया कि वर्ष 2027 के चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना है और जनहित के लिए कांग्रेस को सत्तासीन करना है। कार्यकर्ताओं से इसके लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया। (आगे पढ़ें…)

इसी बीच मंच से सूचना दी गई कि राहुल गांधी पंतनगर एयरपोर्ट पर पहुंचे, मगर खराब मौसम के कारण उनका हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर पा रहा है। जिस कारण अल्मोड़ा कार्यक्रम रद्द कर दिया। इससे कार्यकर्ताओं को बड़ी निराशा हुई और लोगों ने वापस लौटना शुरू कर दिया, हालांकि राहुल गांधी ने पंतनगर एयरपोर्ट से ही फोन से संक्षिप्त संबोधन किया। उन्होंने कहा कि ‘मुझे आपसे उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति, प्रदेश के आर्थिक व सामाजिक मुद्दों, राज्य और आपके भविष्य और चुनौतियों पर बात करनी थी। मगर मौसम की खराबी के कारण अल्मोड़ा नहीं पहुंच सका।’ उन्होंने फोन से कार्यकर्ताओं को संबोधित कर मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों ने देश में आर्थिक संकट पैदा हुआ है। नोटबंदी, जीएसटी, तेल संकट व विदेश नीति का जिक्र करते हुए उन्होंने देश के बिगड़ते आर्थिक हालात पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बड़े संघर्ष के बाद अपना प्रदेश उत्तराखंड बनाया, लेकिन आज उत्तराखंड रिमोट कंट्रोल से चल रहा है। (आगे पढ़ें…)
यहां जनसभा को कांग्रेस की उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष विधानसभा यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, राजकुमार ठुकराल, विधायक मनोज तिवारी व मदन सिंह बिष्ट, हरीश धामी, सुमित हृदयेश, जिला अध्यक्ष भूपेंद्र भोज व प्रकाश जोशी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
जनता से वादा: फिर आऊंगा जल्दी

अल्मोड़ा: फोन से संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि आपके बीच आकर कई मुद्दों पर बातें करना चाहता था, मगर मौसम की प्रतिकूल परिस्थिति के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया। पायलट ने उड़ान भरने से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के आगे हम विनम्र हैं। उन्होंने वादा किया कि बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊंगा। जल्द ही मुलाकात होगी।


