ड्रोन से होगी अराजक तत्वों पर नजर
सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी/नैनीताल: बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह ‘हाई अलर्ट’ पर है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेकर एरिया डोमिनेशन और सघन चेकिंग के कड़े निर्देश दिए हैं। इसी के साथ कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए इस बार चप्पे-चप्पे पर भारी सुरक्षा बल तैनात रहेगा और ड्रोन कैमरों से अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस प्रशासन ने पर्व को लेकर सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं। जनपद के संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है, ताकि आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा हो और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों में खौफ रहे।
अत्याधुनिक ड्रोन से सतत निगरानी और सुरक्षा बलों की तैनाती
जनपद के सभी भीड़-भाड़ वाले इलाकों, मुख्य मार्गों, सुनसान क्षेत्रों, पार्कों, शॉपिंग मॉल्स, झील, घाटों, बैराजों और प्रमुख पर्यटक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इन सभी क्षेत्रों की अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर पुलिस तुरंत एक्शन लेगी।
सोशल मीडिया पर चौबीस घंटे पैनी नजर
जनपद की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम चौबीस घंटे सक्रिय रहकर सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर नजर रखेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक पोस्ट, अफवाह या सांप्रदायिक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात और सिटी पेट्रोल यूनिट की मुस्तैदी
पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सिटी पेट्रोल यूनिट (सीपीयू) और ट्रैफिक टीमें लगातार मूवमेंट में रहेंगी। मुख्य बाजारों और नमाज स्थलों के पास पार्किंग व्यवस्था को इस तरह प्रबंधित किया गया है कि कहीं भी जाम की स्थिति पैदा न हो।
एरिया डोमिनेशन और चप्पे-चप्पे पर फ्लैग मार्च
समस्त थाना प्रभारी पुलिस बल, प्रांतीय रक्षक दल (पीआरसी), प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई कर रहे हैं। सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने साथ पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संवाद किया जा सके।
क्लीन स्वीप और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों, चर्चों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग व ‘क्लीन स्वीप’ की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) और अन्य सूचना तंत्रों को भी पूरी तरह सक्रिय कर पल-पल की गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
शॉर्ट नोटिस पर ‘कमरबंदी’ की स्थिति
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जनपद का समस्त पुलिस बल हाई अलर्ट यानी कमरबंदी की स्थिति में रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को इस तरह तैयार किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति में शॉर्ट नोटिस पर पुलिसकर्मियों को तत्काल मोर्चे पर तैनात किया जा सके।
सघन चेकिंग, सत्यापन अभियान और रात्रि गश्त
होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। रात्रि के समय सभी पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहकर चेकिंग व गश्त सुनिश्चित करेंगे। अनावश्यक भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ली गई इस महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी अमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक भवाली रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक नैनीताल अंजना, क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नैनीताल गौरव किरार सहित सभी थाना प्रभारी, निरीक्षक अभिसूचना, प्रतिसार निरीक्षक, वाचक, जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) व आशुलिपिक मौजूद रहे।
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में व्यापक स्तर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 03 पुलिस अधीक्षक, 04 पुलिस उपाधीक्षक, 14 स्टेशन हाउस ऑफिसर/सब इंस्पेक्टर, 75 सब इंस्पेक्टर/असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, 254 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) की 02 कंपनियां, फायर ब्रिगेड की 05 टीमें, ड्रोन संचालन की 04 टीमें और स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) की 02 टीमें मुस्तैद की गई हैं।



