✸ नगर की सड़कों पर दबाव कम करने की पहल, बाईपास से होगा आवागमन

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: बागनाथ नगरी में शनिवार को 12 घंटे ‘नो व्हीकल जोन’ रहेगा। आवाजाही के लिए बाईपास मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। यह बात उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने नगर क्षेत्र में चल रहे ‘नो व्हीकल जोन’ अभियान को सफल बनाने में आम जनता से सहयोग की अपील की है।
उपजिलाधिकारी ने बतायाकि यह अभियान यातायात नियंत्रण के साथ ही पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उपजिलाधिकारी ने नागरिकों से अभियान को एक उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान करते हुए कहा कि शनिवार को शहर में सुबह 7 बजे से सायं 7 बजे तक नो व्हीकल जोन लागू रहेगा। यह पहल शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करने के लक्ष्य से चल रही है। प्रशासन की ओर से शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख स्थानों पर पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक पार्किंग स्थल पर लोगों की सुविधा के लिए ई-रिक्शा उपलब्ध रहेंगे, जिससे आमजन आसानी से शहर तक पहुंच सकेंगे।
मात्र 10 रुपये में ई-रिक्शा सुविधा
उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी ने बताया कि पार्किंग स्थल से शहर तक आने-जाने के लिए ई-रिक्शा सेवा संचालित की जाएगी, जिसका किराया मात्र 10 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधा प्रदान करते हुए अभियान को सफल बनाना है। उन्होंने सभी नागरिकों, व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।


