पनचक्की चौराहे पर भीषण सड़क हादसा
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी हल्द्वानी के व्यस्ततम इलाकों में से एक पनचक्की चौराहे पर आज एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 70 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग सुरेश चंद्र पांडे अंबिका विहार में शांति नगर के रहने वाले थे। दोपहर के समय वह अपनी स्कूटी से अंबिका विहार को जा रहे थे, तभी एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।
कैसे हुआ हादसा?
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग स्कूटी से उछलकर सड़क पर जा गिरे। इससे पहले कि वे संभल पाते, ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने पनचक्की चौराहे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था को सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
अंत्येष्टि में शामिल होकर आ रहे थे बुजुर्ग
मृतक की पहचान सुरेश चंद्र पांडे निवासी शांति नगर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रानीबाग से स्कूटी पर किसी की अंत्येष्टि में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
जैसे ही वह पनचक्की रोड पर सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क के पास पहुंचे, उसी दौरान पास से गुजर रहे ट्रक से आगे निकलने के प्रयास में वह असंतुलित होकर ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन तेज झटके के कारण वह उछलकर दूर जा गिरे और हेलमेट भी जान नहीं बचा सका।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय पार्षद मुकुल बल्यूटिया ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए यूएसडीडीए को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पिछले करीब दो माह से क्षेत्र में सीवर लाइन के नाम पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए हैं, जिन्हें बार-बार शिकायतों के बावजूद नहीं भरा गया। इन खतरनाक गड्ढों के कारण आए दिन लोग परेशान हो रहे हैं और आज इसी लापरवाही के चलते एक बुजुर्ग की जान चली गई।
मौके पर पहुंचे विधायक सुमित हृदयेश ने भी घटना पर रोष जताते हुए शहर में बदहाल सड़कों और अधूरे निर्माण कार्यों को हादसे का जिम्मेदार ठहराया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे खोदे गए हैं, जिससे आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है।
बताया गया कि मृतक सुरेश चंद्र पांडे सेवानिवृत्त कर्मी थे। उनकी दो बेटियां हैं, जिनका विवाह हो चुका है। वह शांति नगर में अपनी पत्नी लता पांडे के साथ रहते थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

