HomeUttarakhandAlmoraदिव्यांग की बेरहमी से हत्या, 28 दिन बाद करबला तिराहे से धराया...

दिव्यांग की बेरहमी से हत्या, 28 दिन बाद करबला तिराहे से धराया हत्यारा

गाजियाबाद से बनारस तक छिपा रहा आरोपी, फिर ऐसे पकड़ा गया

CNE REPORTER, ALMORA : सोमेश्वर क्षेत्र में दिव्यांग व्यक्ति की नृशंस हत्या से इलाके में फैली सनसनी का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। करीब तीन सप्ताह तक पुलिस को चकमा देकर फरार रहा आरोपी आखिरकार अपनी ही मजबूरी का शिकार हो गया।

पैसों की तंगी ने उसे अल्मोड़ा लौटने पर मजबूर कर दिया, जहां पहले से घात लगाए बैठी पुलिस टीम ने करबला तिराहे पर उसे धर दबोचा। कोतवाली सोमेश्वर और विशेष ऑपरेशन ग्रुप की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस सटीक और योजनाबद्ध कार्रवाई से एक जघन्य हत्याकांड की परतें खुल गईं। सफल अनावरण पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा ने पुलिस टीम को एक हजार रुपये नकद इनाम देकर सम्मानित किया।

पत्थर से कुचलकर की गई थी हत्या, गांव में मचा था हड़कंप

दिनांक 24 जनवरी 2026 को कोतवाली सोमेश्वर क्षेत्र के ग्राम रस्यारागांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति का रक्तरंजित शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो मृतक की पहचान कुंदन राम, दिव्यांग निवासी रस्यारागांव के रूप में हुई। अगले ही दिन मृतक के भाई हरीश राम की तहरीर पर आरोपी दीपक पांडे के विरुद्ध मुकदमा धारा 103(1)/352 भारतीय न्याय संहिता एवं 3(1)(द)/3(1)(घ)/3(2)(वी) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज किया गया। घटना की बर्बरता को देखते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश में कई टीमें लगा दी गईं।

चार शहरों में छिपा रहा आरोपी, सर्विलांस और सीसीटीवी से टूटा घेरा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस इनपुट, मैनुअल जांच और लगातार दबिश के जरिए पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और वाराणसी में लगातार ठिकाने बदलता रहा। लेकिन जब जेब खाली हुई तो वह अपने परिचितों से पैसे लेने अल्मोड़ा पहुंचा और यही उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुई।

करबला तिराहे पर दबोचा गया हत्यारोपी, पूछताछ में कबूला जुर्म

दिनांक 15 फरवरी 2026 को कोतवाली सोमेश्वर और विशेष ऑपरेशन ग्रुप की संयुक्त टीम ने करबला तिराहा, अल्मोड़ा से आरोपी दीपक पांडे, उम्र 34 वर्ष, पुत्र महेश पांडे, निवासी ग्राम रस्यारागांव सोमेश्वर, को धर दबोचा। पुलिस टीम में मदन मोहन जोशी प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोमेश्वर, फिरोज खान अपर उपनिरीक्षक सर्विलांस सेल, हरीश आर्या हेड कांस्टेबल, राजेश भट्ट कांस्टेबल विशेष ऑपरेशन ग्रुप, गोरखनाथ और नीरज मेहरा कांस्टेबल शामिल रहे। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दिनांक 18 जनवरी 2026 की सायं दुकान से घर लौटते समय रास्ते में मृतक से आपसी विवाद हो गया था, जिसके बाद उसने पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

खून से सने कपड़े बरामद, पुलिस टीम को मिला इनाम : पुलिस ने आरोपी के घर से घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं, जो इस जघन्य अपराध की अहम कड़ी माने जा रहे हैं। मामले के सफल अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा ने पुलिस टीम को एक हजार रुपये नकद इनाम देकर पुरस्कृत किया।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments