क्वारब सड़क बंद होने पर जताया रोष
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। बागेश्वर जिले में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय सड़क राज्य मंत्री अजय टम्टा का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मंत्री जिले के भ्रमण पर तो आ रहे हैं, लेकिन क्वारब सड़क बंद होने की गंभीर समस्या से आंखें मूंदे हुए हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए और जोरदार नारेबाजी की। डसीला ने कहा कि अल्मोड़ा जिले के क्वारब के समीप डेढ़ साल से सड़क बंद पड़ी है। लगातार भूस्खलन के चलते वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। इस कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सड़क बंद होने से अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर के साथ ही चमोली जिले के सीमांत गांवों के लोग भी प्रभावित हो रहे हैं। हल्द्वानी आदि स्थानों को जाने वाले यात्रियों को एक दिन पहले ही निकलना पड़ता है, जबकि एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं भी घंटों जाम में फंसी रहती हैं। वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर जाना पड़ रहा है, जिससे माल भाड़ा और किराया भी बढ़ गया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि केंद्र सरकार तुरंत इस मार्ग को दुरुस्त कर आवागमन बहाल करे। उन्होंने कहा कि यदि समस्या का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर हरीश त्रिकोटी, कुंदन गिरी, दान सिंह, हरीश ऐठानी, भीम कुमार, मुन्ना पांडे, बहादुर सिंह, महेश पंत, गीता रावल, पनीराम, बालकृष्ण, नरेंद्र सिंह, रोहित खैर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


