👉 महिलाओं की टोलियों ने झोड़ा गायन कर लोक संस्कृति बयार बहायी
👉 स्टार नाइट में कलाकारों की प्रस्तुतियों से दर्शक झूमने को मजबूर
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में ऐतिहासिक मां नन्दादेवी मेले में संस्कृति की बहुरंगी छटा बिखर रही है। बीते शुक्रवार रात स्टार नाइट में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं लाफ्टर शो, माता की चौकी व नन्हें कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मेलार्थियों का दिल जीत लिया। शनिवार दिन में नंदादेवी मंच मातृ शक्ति के नाम रहा। जहां झोड़ा गायन प्रतियोगिता ने धूम मचाई।

नंदादेवी परिसर के मंच पर लाफ्टर शो ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इसमें स्थानीय कलाकारों ने सामाजिक कुरीतियों, राजनीति और आम जनजीवन पर व्यंग्य कसे। हास्य कलाकारों की सधी हुई प्रस्तुति पर दर्शकों की हंसी से पूरा वातावरण गूंज उठा। सायं नटराज डांस इंस्टीट्यूट, अल्मोड़ा के नन्हे कलाकारों ने मंच पर रंग जमाया। संस्थान के संचालक नीरज सिंह बिष्ट और हर्ष टम्टा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने लोकनृत्य व फिल्मी गीतों पर समूह नृत्य और भावनात्मक एकल प्रस्तुतियां दीं। वहीं कुमाऊंनी लोकधुनों पर आधारित नृत्य ने दर्शकों का खूब मन मोहा। रात स्टार नाइट में मंच पर जब लोकप्रिय गायक जितेन्द्र तोमक्याल और विक्की आर्या ने अपनी प्रस्तुति दी, तो पूरा नन्दा देवी प्रांगण संगीत और गीतों की धुनों में झूम उठा। दोनों गायकों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का दिल जीत लिया। दर्शक भी देर रात तक सुर-लय के साथ झूमते नजर आए।

शनिवार दिन में नंदादेवी मंदिर परिसर के मंच में झोड़ों की बयार ने लोक संस्कृति का जीवंत कर दिया। विभिन्न मोहल्लों में महिला टोलियों ने झोड़ा गायन के साथ शानदार प्रस्तुति दी। इन कार्यक्रमों को देखने के लिए दर्शक दीर्घा खचाखच भरी रही। नंदा सुनंदा के जयकारों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच मल्ला महल से मां नंदा देवी मंदिर परिसर तक रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिला टोलियां पारंपरिक झोड़े गाते हुए पहुंचीं। झोड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जोड़ती हैं और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में सहायक होते हैं। विशिष्ट अतिथि मेयर अजय वर्मा ने कहा कि अल्मोड़ा अपनी सांस्कृतिक पहचान के लिए पूरे देश में अलग स्थान रखता है और नंदा देवी मेला इसका प्रमुख उदाहरण है।
झोड़ा कार्यक्रम की प्रायोजन गीता मेहरा रहीं। प्रतियोगिता के निर्णायकों में कृष्ण मोहन सिंह बिष्ट, नेहा मुनगली और चन्द्र प्रकाश रहे। प्रतियोगिता में मां भगवती फ़लसीमा को पहला, कोकिला महिला समूह को दूसरा और मां दुर्गा सांस्कृतिक समूह को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। जिन्हें समिति की ओर से सम्मानित किया गया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, सांस्कृतिक संयोजक तारा जोशी, मेला सह संयोजक रवि गोयल, व्यवस्थापक अनूप साह, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक हरीश बिष्ट, मुख्य संयोजक अर्जुन बिष्ट चीमा, संयोजक अमित साह मोनू, रंगकर्मी नवीन बिष्ट, एके सिकंदर पवार, नवीन बिष्ट, हरीश कनवाल आदि कई लोग मौजूद रहे।
माता की चौकी में भक्ति रस की बयार

अल्मोड़ा: माता की चौकी कार्यक्रम से नंदादेवी मंदिर प्रांगण भक्ति रस से सराबोर रहा। इसमें प्रसिद्ध गायक हेम पाण्डे, मोहन जोशी, अनिल सनवाल, राघव पंत, अशोक पाण्डे, ललित प्रकाश आदि ने कलाकारों ने अपने मधुर स्वरों में कर्णप्रिय प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

