सीएनई रिपोर्टर, कपकोट
कपकोट तहसील के गांसी गांव में रविवार शाम को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब शॉर्ट सर्किट के चलते एक मकान में भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था, लेकिन जब तक गांववाले कुछ कर पाते, पूरा घर और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग की यह घटना रविवार शाम करीब 4:45 बजे की है। गांसी निवासी कृष्णा सिंह, पुत्र स्व. त्रिलोक सिंह के लकड़ी से बने मकान में अचानक आग लग गई। उस समय घर में कोई नहीं था। तभी आसपास के लोगों ने मकान से धुआं निकलते देखा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन आग इतनी भीषण थी कि घर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले चुकी थी।
ग्रामीणों दिनेश टाकुली, मदन टाकुली और त्रिवेंद्र ने बताया कि पूरा मकान, उसमें रखे कपड़े, खाद्य सामग्री और बिस्तर तक जलकर खाक हो गए। पीड़ित परिवार अब बेघर हो चुका है और फिलहाल पड़ोसियों के घर में शरण लिए हुए है।
गांववालों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके।
तहसील प्रशासन को इस घटना की सूचना दे दी गई है। इस पर एसडीएम अनिल रावत ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद ही अगली कार्रवाई तय की जाएगी।

