सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। जिले मे 26 जुलाई को कारगिल विजय शौर्य दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सुबह छह बजे क्रास कंट्री रेस होगी। आठ बजे से नुमाइशखेत से प्रभातफेरी निकलेगी। नौ बजे शहदी स्मारक तहसील परिसर पर बलिदानियों के चित्रों पर माल्यार्पण तथा श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा।
जिला कार्यालय में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रभात फेरी में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे। तहसील परिसर में पौधारोपण होगा। 10 बजे से कलक्ट्रेट रोड स्थित संस्कृति विभाग के आडिटोरियम में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत होंगे। जिनमें देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों का विशेष समावेश होगा।जिलाधिकारी ने आडिटोरियम का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा शहीद स्मारक सहित अन्य सभी कार्यक्रम स्थलों पर सफाई एवं साज-सज्जा की व्यवस्था पालिका को सौंपी। पुलिस यातायात संभालेगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी को नशामुक्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतियोगिताएं तथा प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित कराएंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल विजय मनराल, मुख्य शिक्षा अधिकारी जीएस सौन, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मुहम्मद यामीन, दीप जोशी, किशन सिंह मलड़ा, रमेश तिवारी, नरेंद्र खेतवाल, दलीप सिंह खेतवाल आदि उपस्थित थे।

