हल्द्वानी : वरिष्ठ पत्रकार जगदीश जोशी की माता पद्मा जोशी पंचतत्व में विलीन
पर्वतीय पत्रकार महासंघ उत्तराखंड ने जताया शोक
चित्रशिला घाट में हुआ अंतिम संस्कार
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी । वरिष्ठ पत्रकार जगदीश चंद्र जोशी की माता पद्मा जोशी का निधन हो गया है। वह बीते कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। आज चित्रशिला घाट में उनकी पार्थिव देह का अंतिम संस्कार किया गया। शव यात्रा में विधायक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की। पर्वतीय पत्रकार महासंघ उत्तराखंड ने शोक सभा कर मृतक की आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि पद्मा जोशी अपने पीछे 6 बच्चों का भरा पूरा परिवार छोड़ गयी हैं। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट में किया गया। उनके पुत्रगणों ने अत्यंत गमगीन माहौल में मुखाग्नि दी। पत्रकार जोशी के माता के निधन का समाचार सुनते ही मीडिया कर्मियों में शोक की लहर छा गयी। बता दें पद्मा जोशी बीते कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थी। बुधवार की शाम करीब चार बजे हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह अपने पीछे 6 बच्चों का भरा पूरा परिवार छोड़ गयी हैं।
उनके सबसे बड़े पुत्र जगदीश चंद्र जोशी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जबकि दूसरे पुत्र भुवन जोशी एलआईसी के मंडल प्रबंधक पद से सेवानिवृत हो चुके हैं। वहीं तीसरे पुत्र दीप चंद्र जोशी (एक्स नेवी) सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में फिजियोथैरपी विभाग के प्रभारी हैं। इसके अलावा उनकी तीन पुत्रियां गीता पंत, किरन पंत व मीनू पंत हैं। उनकी शव यात्रा सुशीला तिवारी अस्पताल के आवासीय परिसर से गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे से रानीबाग को निकली। पद्मा जोशी मूल रुप से बागेश्वर जिले के गरुड तहसील के बंतोली गांव की रहने वाली थीं।
शवयात्रा में अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी, पूर्व प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा रामगोपाल नौटियाल, डॉ. निर्मल जोशी, अल्मोड़ा प्रेस क्लब के अध्यक्ष एडवोकेट गिरीश पंत, डॉ. दुर्गेश पंत, सीएनई मीडिया से पत्रकार दीपक मनराल व विकास जाटव, डीडीओ अल्मोड़ा संतोष पंत, पार्षद राजेश पंत सहित तमाम गणमान्य जन शामिल हुए।
पर्वतीय पत्रकार महासंघ की शोक सभा
इधर पर्वतीय पत्रकार महासंघ उत्तराखंड की शोक सभा में मृतक की आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पाठक ने कहा कि संगठन वरिष्ठ पत्रकार जगदीश जोशी की माता के निधन पर गहरा दुख प्रकट करता है। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना करता है कि वह उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे। शोक सभा में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष गुरुमीत सिंह, मदन मोहन पाठक, जिलाध्यक्ष नैनीताल अजय उप्रेती, महामंत्री उधम सिंह राठौर, उधम सिंह नगर जिलाध्यक्ष एके सक्सेना, नगर अध्यक्ष हल्द्वानी आनंद बतरा व नगर महामंत्री दीपक मनराल सहित कई सदस्य मौजूद रहे।