HomeUttarakhandDehradunउत्तराखंड में मोदी बोले, भारत बीते 10 वर्ष में पहले की तुलना...

उत्तराखंड में मोदी बोले, भारत बीते 10 वर्ष में पहले की तुलना में कई गुना मजबूत

ऋषिकेश | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बीते 10 वर्ष में भारत को पहले की तुलना में उनकी सरकार ने कई गुना मजबूत बनाया है।

ADVERTISEMENTSAd Ad

मोदी ने आज यहां आईडीपीएल के हॉकी मैदान में गढ़वाल मंडल के पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार रही है, तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया और आतंकवाद ने पैर पसारे। आज भारत में मोदी की मजबूत सरकार है, इसलिए आतंकियों को घर में घुस कर मारा जाता है। उन्होंने कहा कि आज भारत में मजबूत सरकार है , इसलिए भारत का तिरंगा युद्ध क्षेत्र में भी सुरक्षा की गारंटी बन जाता है।

उन्होंने कहा कि यह भाजपा की मजबूत सरकार ही है, जिसने सात दशक बाद जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 समाप्त करने का साहस किया।”, जिसने तीन तलाक के खिलाफ मजबूत कानून बनाया, यह भाजपा की सरकार ही है जिसने महिलाओं को संसद में आरक्षण दिया, जिसने सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में तो जवानों के पास बुलेटप्रूफ जैकेट तक की कमी थी। दुश्मन की गोली से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं था। उन्होंने कहा कि ये भाजपा है, जिसने भारत में बनी बुलेटप्रूफ जैकेट अपने सैनिकों को दी, उनके जीवन की रक्षा की। आज आधुनिक रायफल से लेकर लड़ाकू विमान और विमानवाहक पोत तक देश में ही बन रहे हैं।

मोदी ने विपक्षी कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि वह विकास और विरासत दोनों की विरोधी है। कांग्रेस ने प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, राम मंदिर का विरोध किया, जितने अड़ंगे डालने थे, डाले। इसके बाद भी राम मंदिर निर्माण वालों ने कांग्रेस के सभी गुनाहों को माफ कर दिया और उन्हें प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया। लेकिन कांग्रेस ने उसका भी बहिष्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के लिए तो पहले दिल्ली का शाही परिवार और फिर अपना परिवार ही सब कुछ है। लेकिन मोदी के लिए तो मेरा भारत ही मेरा परिवार है।

मोदी ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब लोगों के हक का पैसा बिचौलिए खा जाते थे। अब लोगों के हक का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किया जा रहा है। ये लूट मोदी ने बंद की है, इसलिए मोदी पर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार सीमाओं पर आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर नहीं बना पाई। आज देखिए, सीमा पर आधुनिक सड़कें बन रही हैं, आधुनिक सुरंगें बन रही हैं।

मोदी ने कहा कि अब तो कांग्रेस ने प्रण लिया है, हिंदू धर्म में जो शक्ति है, उसका विनाश करेंगे।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की आस्था को तबाह करने की जो साजिशें चल रही हैं, उसमें कांग्रेस की ये बातें आग में घी का काम करेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति की रक्षा करना, हम सभी का दायित्व है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब दुनिया में योग की धूम नहीं थी तब भी विदेशों के लोग योग के लिए ऋषिकेश आया करते थे। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश आकर हर कोई आनंद से भर जाता है। हमारा फोकस इस पर है कि देश के किसी भी हिस्से से उत्तराखंड के पर्यटन स्थल होना आसान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप सभी ही मेरा परिवार है। जिंदगी के महत्वपूर्ण कालखंड मैंने देवभूमि में बिताए हैं। मैंने देखा है कि गढ़वाल और कुमाऊं में महिलाओं का पूरा समय पानी, चारे के इंतजाम में खप जाता था। इसको देखते हुए हमने सस्ता सिलेंडर उनके घर में पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष करीब 20 लाख यात्री केदारनाथ दर्शन के लिए आए। पिछले वर्ष 55 लाख से अधिक यात्रियों ने चारधाम की यात्रा की।श्री मोदी ने कहा कि पर्यटन बढ़ने का मतलब है, रोजगार के ज्यादा अवसर। इस विकास ने पलायन को बीते दिन की बात बना दिया है। उत्तराखंड के युवाओं ने एक हजार से अधिक स्टार्टअप दर्ज किए हैं। इन बातों से गर्व होता है।

जनसभा को इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर, हरिद्वार से प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत, पौड़ी गढ़वाल से अनिल बलूनी और टिहरी प्रत्याशी माला राज लक्ष्मी शाह सहित प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, राज्यसभा सद्स्य कल्पना सैनी, नरेश बंसल, विभिन्न विधायक आदि उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments