HomeNationalजम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग हिमपात व बारिश के कारण बंद

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग हिमपात व बारिश के कारण बंद

ADVERTISEMENTS

श्रीनगर | जम्मू कश्मीर के मैदानी इलाकों में भारी बारिश और ऊपरी इलाकों में हिमपात के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। यातायात अधिकारियों ने कहा कि रामबन जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है।

यातायात विभाग के एक आधिकारिक बयान में आज सुबह कहा गया,“’जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन और पत्थरों के गिरने के कारण कई स्थानों पर अवरुद्ध है। पूरे राजमार्ग पर भारी बारिश हो रही है। लोगों को मौसम में सुधार होने और सड़क साफ होने तक राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44)पर यात्रा करने से बचने की सलाह दी जाती है।” अधिकारियों ने कहा कि घाटी से आने-जाने वाली उड़ानों का संचालन सामान्य है।

बारिश के मौसम का ताजा दौर शुक्रवार को शुरू हुआ और शनिवार को पूरे जम्मू-कश्मीर में मध्यम से बहुत भारी बारिश और हिमपात जारी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार बारामूला जिले के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में शुक्रवार से 38.1. सेमी बर्फबारी दर्ज की गई है।
विभाग ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में श्रीनगर में 20.5 मिमी, काजीगुंड में 45.4 मिमी, पहलगाम में 27.5 मिमी, कुपवाड़ा में 60.6 मिमी, कोकरनाग में 30.4 मिमी और गुलमर्ग में 62.0 मिमी बारिश हुई। कश्मीर के कई हिस्सों में रात का तापमान कुछ डिग्री बढ़ गया।

श्रीनगर में मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि आज रात तक और देर रात तक जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर व्यापक मध्यम बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। उसके बाद धीरे-धीरे सुधार होगा। मौसम विभाग ने कहा कि कुछ स्थानों पर खासकर उत्तरी कश्मीर, मध्य और दक्षिण कश्मीर के ऊंचे इलाकों और जम्मू डिवीजन के पीरपंजाल रेंज में बहुत भारी बर्फबारी का अनुमान है।

उन्होंने कहा,“कश्मीर संभाग के मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि जम्मू के मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है और रामबन, उधमपुर और रियासी जिलों में भारी बारिश के आसार है।” मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज, बिजली और ओलावृष्टि के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएँ चलने का अनुमान जताया हैं।

मौसम विभाग ने कहा कि उसके बाद 10 मार्च तक कोई महत्वपूर्ण मौसम गतिविधि नहीं होगी, 6-7 मार्च की रात के दौरान छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात के आसार हैं। विभाग ने कुछ मध्य और ऊंचे इलाकों में भारी से बहुत भारी बर्फबारी को देखते हुए यात्रियों और पर्यटकों को तदनुसार योजना बनाने और यातायात पुलिस की सलाह का पालन करने की सलाह दी है।

मौसम विभाग ने कहा,“पहाड़ी इलाकों में आम जनता को हिमस्खलन-संभावित क्षेत्रों और ढलान वाले इलाकों में न जाने और हिमस्खलन की चेतावनियों और सलाह का पालन करने की सलाह दी जाती है।” उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की संभावना है।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments