HomeUttarakhandAlmoraमंदिर समिति जागेश्वर के नाम से फर्जी आईडी बनाकर धनराशि की मांग

मंदिर समिति जागेश्वर के नाम से फर्जी आईडी बनाकर धनराशि की मांग

मामला संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

  • श्रद्धालुओं की अनैतिक तरीके से पर्ची काटी, तो कानूनी कार्रवाई होगी

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ाः प्रसिद्ध जागेश्वरधाम मंदिर समिति के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी व पेज बनाकर धनराशि की मांग करने के मामले संज्ञान में आ रहे हैं। ऐसी शिकायत मंदिर की प्रबंधक ने डीएम के संज्ञान में डाली है। इस पर डीएम ने ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ये निर्देश भी दिए हैं कि अगर श्रद्धालुओं से अनैतिक रुप से मंदिर समिति के नाम से पर्ची काटी गई, तो संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

आज यहां कलेक्ट्रेट में आयोजित जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी वंदना ने जागेश्वरधाम व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, पर्यटकों के लिए अधिकाधिक सुविधाएं बढ़ाने आदि कई जरूरी बिंदुओं पर मंत्रणा की। जिलाधिकारी ने मंदिर समिति की प्रबंधक को निर्देश दिए कि सभी कर्मियों की उपस्थिति निर्धारित समय तक बनाए रखना सुनिश्चित हो और बायोमेट्रिक से ही उपस्थिति लगे। उन्होंने कहा कि मंदिर के कार्मिकों के लिए ड्रेस तथा परिचय पत्र अनिवार्य किया जाए और उन्होंने प्रबंधक को निर्देश दिए कि मंदिर की सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी रखें।

जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिर परिसर में अनैतिक रूप से श्रद्धालुओं की पर्ची नहीं काटी जानी चाहिए। उन्होंने हिदायत दी कि यदि कोई ऐसा कार्य करता पकड़ा जाए, तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने संबंधितों को निर्देश दिए कि मंदिर समिति की भूमि की पैमाइस कर उसकी मार्किंग की जाए तथा जहां अवैध कब्जा मिले, उसे हटाया जाए। मंदिर समिति की प्रबंधक ज्योत्सना पंत ने अवगत कराया कि सोशल मीडिया पर मंदिर समिति के नाम से फर्जी अकाउंट एवं पेज बनाकर मंदिर के नाम पर श्रृद्धालुओं से धनराशि की मांग करने के प्रकरण संज्ञान में आ रहे हैं। जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि कोई सोशल मीडिया में मंदिर या मंदिर समिति के नाम से फर्जी आईडी तथा पेज बनाता है, तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

पर्यटन सीजन के दृष्टिगत उन्होंने निर्देश दिए कि अप्रैल माह में पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा शटल सेवा की शुरुआत कर ली जाए। उन्होंने समिति के दैनिक कार्यों के संपादन हेतु एक कंप्यूटर ऑपरेटर की भी तैनाती करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही पुजारी प्रतिनिधि को कहा कि मंदिर की व्यवस्थाओं को बनाने के लिए सभी पुजारियों के साथ बैठक की जाए। बैठक में उपजिलाधिकारी भनोली गोपाल सिंह चौहान, पुजारी प्रतिनिधि पंडित नवीन चंद्र भट्ट समेत अन्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments