यादें शेष: प्रखर पत्रकारिता के साथ सदैव जन सरोकारों से रखा रिश्ता

— डा. दीवान नगरकोटी के निधन से शोक की जबर्दस्त लहर
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा
वरिष्ठ पत्रकार एवं सदैव सामाजिक सरोकारों से जुड़े डा. दीवान नगरकोटी के असामयिक निधन की खबर सुनते ही यहां समूचा पत्रकार जगत, लेखकों समेत राजनैतिक व सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग स्तब्ध रह गए। मूल रूप से बागेश्वर के सिमलगांव निवासी दीवान नगरकोटी वर्तमान में अल्मोड़ा नगर के धार की तूनी में निवास कर रहे थे। वह महज पत्रकारिता से ही नहीं बल्कि जनांदोलनों, सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे और नाम कमाया। जिला पत्रकार संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष स्व. दीवान नगरकोटी के निधन से जबर्दस्त शोक की लहर फैली है।
करीब 62 वर्षीय स्व. दीवान नगरकोटी का पुत्र शशांक नगरकोटी व विवाहित बेटी तनूजा है। बेटी आयुर्वेदिक चिकित्सक है। वह प्रखर पत्रकार के साथ ही समाज विज्ञानी भी रहे। चिपको आंदोलन, वन बचाओ आंदोलन, नशा नहीं रोजगार दो आंदोलन, उत्तराखंड आंदोलन में सक्रियता से हिस्सा लेने वाले दीवान नगरकोटी ने उत्तराखंड सेवानिधि से जुड़कर पहाड़ के जल, जंगल, जमीन व पर्यावरणीय सवालों को उठाया। उन्होंने पूर्व में उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्रिमंडलीय रमाशंकर कौशिक समिति के लिए शोध व लेखन करने में भी सहयोग प्रदान किया। उन्होंने अपने कार्यों में सदैव जन सरोकारों को प्राथमिकता दी। उनके अचानक दुनिया से विदा लेने से आज तमाम लोग बेहद दुखी हैं। उनके निधन की खबर सुनते ही पत्रकारों समेत राजनैतिक व सामाजिक संगठनों के लोग उनके आवास पर जाकर अंतिम दर्शन करते हुए श्रद्धांजलि दी। तमाम लोग उनकी शवयात्रा में शामिल हुए। उनका आज यहां विश्वनाथ श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने वरिष्ठ पत्रकार दीवान नगरकोटी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपनी श्रद्धांजलि देते हुए दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने व शोक संतप्त परिवार को असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की है। जिला पत्रकार संघ अल्मोड़ा ने स्व. दीवान नगरकोटी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया हैं। संघ के सचिव राजेंद्र रावत, दीपक मनराल, जगदीश जोशी, दीपक मनराल, चंदन नेगी, शिवेंद्र गोस्वामी, प्रमोद जोशी समेत कई पत्रकारों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। डॉ. नगरकोटी के निधन पर जिला पत्रकार संघ अल्मोड़ा ने कल शुक्रवार को दिन में 12 बजे से राम सिंह धोनी बहुद्देशीय पुस्तकालय वाचनालय सभागार में शोकसभा आहूत की है। संघ के महासचिव राजेंद्र रावत ने शोक सभा में सभी पत्रकारों से उपस्थित होने की अपील की है। इधर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन अल्मोड़ा ने भी दीवान नगरकोटी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक सभा कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक सभा की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष सुरेश तिवारी व संचालन महासचिव दयाकृष्ण काण्डपाल ने किया। इधर वरिष्ठ पत्रकार नवीन बिष्ट ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने डा. दीवान नगरकोटी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपनी शोक संवेदना में कहा कि उनके साथ उनका पारिवारिक रिश्ता रहा। उन्होंने कहा कि स्व. दीवान ने अपनी सामाजिक सक्रियता, अध्ययन और जनपक्षधर पत्रकारिता से अपना अलग व्यक्तित्व स्थापित किया। उन्होंने कहा कि प्रखर पत्रकार, जनपक्षीय बुद्धिजीवी, स्पष्टता से अपनी बात रखने वाले साथी का अचानक हमारे बीच से चले जाना बेहद दुखदायी है।
इधर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने एक शोक सभा कर स्व. दीवान नगरकोटी को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिसमें वक्ताओं ने कहा कि स्व. दीवान नगरकोटी का आजीवन वाहिनी से जुड़ाव बना रहा। उन्होंने सदैव जनसरोकारो की पत्रकारिता की तथा शैक्षिक गतिविधियों से जुड़े रहे। शोक सभा में दो मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धान्जली दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। शोकसभा में वरिष्ठ नेता पूरन चंद्र तिवारी, जगत रौतेला, अजयमित्र, दयाकृष्ण कांडपाल, जंग बहादुर थापा, नवीन पाठक, रेवती बिष्ट, कुणाल तिवारी, बिशन दत्त जोशी व अजय मेहता आदि शामिल रहे। उत्तराखंड सरकार में पूर्व दर्ज़ा राज्य मंत्री एडवोकेट केवल सती ने वरिष्ठ पत्रकार दीवान सिंह नगरकोटी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। सती ने कहा कि नगरकोटी सीधे, सरल व सामाजिक व्यक्ति थे। जनसरोकार के मुद्दों को उन्होंने हमेशा प्रखर तरीके से रखा। सती ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
इधर, भाजपा अल्मोड़ा ने वरिष्ठ पत्रकार डा. दीवान नगरकोटी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पार्टी के कई नेताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने का साहस प्रदान करे। शोक व्यक्त करने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, सांसद अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक प्रमोद नैनवाल, विधायक महेश जीना, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, डीसीबी चेयरमैन ललित लटवाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व राज्यमंत्री गोविंद पिलख्वाल, अरविंद बिष्ट, जिला महामंत्री महेश नयाल, दर्शन रावत, विनीत बिष्ट, नगर अध्यक्ष कैलाश गुररानी, मनोज जोशी, लता बोरा, किरन पंत, निर्मला जोशी, लीला बोरा, मीना भैसोड़ा आदि कई लोग शामिल हैं।