भीम आर्मी कार्यालय में हुई बैठक में चुनावी तैयारियों पर मंथन, सूची प्रदेश अध्यक्ष को भेजी
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पद्मपुर रैंकुनी, गौलापार स्थित भीम आर्मी कार्यालय में पार्टी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के नैनीताल जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र बेरी ने की। बैठक में नैनीताल जनपद के अंतर्गत आने वाले छह विधानसभा क्षेत्रों से विधायक पद के लिए संभावित दावेदारों के नामों पर चर्चा की गई तथा दावेदारों की सूची तैयार की गई।
बैठक के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से उपस्थित दावेदारों ने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा पार्टी पदाधिकारियों के समक्ष व्यक्त की। इसके बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से प्राप्त दावेदारों के नामों पर विचार-विमर्श कर सूची तैयार की गई।
पार्टी की ओर से तैयार की गई सूची के अनुसार रामनगर विधानसभा क्षेत्र से ठाकुर सिंह, कालाढूंगी से जीवन चंद्र आर्य, जबकि हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र से नवीन चंद्र मूल निवासी एवं मो. अनवर अंसारी के नाम शामिल किए गए हैं।
इसी प्रकार नैनीताल विधानसभा क्षेत्र से नीमा देवी एवं त्रिप्ति तुलसी, भीमताल विधानसभा क्षेत्र से कंचन कुमार गौतम एवं खीम चंद्र आर्य तथा लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से सुरेश चंद्र बेरी के नाम प्रस्तावित किए गए हैं।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने तथा विधानसभा स्तर पर पार्टी की तैयारियों को आगे बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की। दावेदारों द्वारा अपनी-अपनी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताए जाने के बाद तैयार की गई सूची को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को प्रेषित कर दिया गया है। अंतिम प्रत्याशी चयन का निर्णय पार्टी स्तर पर आगे की प्रक्रिया के तहत लिया जाएगा।
बैठक में पार्टी के जिला प्रभारी खीम चंद्र आर्या, कुमाऊं मंडल प्रभारी नवीन चंद्र मूल निवासी, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संतोष आर्य, विधानसभा भीमताल के रामगढ़ ब्लॉक के सतखोल क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेम प्रकाश सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक स्तर पर बैठकों एवं अन्य गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। विधानसभा क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों और संगठन की स्थिति को लेकर भी आगे चर्चा की जाएगी।


