चोरी की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, पांच तोले के दो सोने के कड़े बरामद
SSP ने पुलिस टीम को दो हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की
CNE REPORTDR, हल्द्वानी। गीजर ठीक करने के बहाने घर में प्रवेश कर अलमारी से सोने के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए लगभग पांच तोले के दो सोने के कड़े और आभूषण बेचकर हासिल की गई 2 लाख 29 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने घर में मरम्मत के बहाने प्रवेश करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल ने 25 नवंबर 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर 2026 को आसिफ नाम का एक व्यक्ति उनके घर में गीजर ठीक करने के बहाने आया था। इसी दौरान उसने घर की अलमारी में रखे सोने के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर चोरी किए गए आभूषण बरामद करने और आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(4) के तहत अभियोग दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कृपाल सिंह को सौंपी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस अधिकारियों को चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक रोहताश सागर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही सुरागरसी और पतारसी के माध्यम से संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी की घटना में संलिप्त व्यक्ति की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद के रूप में हुई।
पुलिस ने 26 नवंबर 2026 को आरोपी आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी की कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से चोरी किए गए दो पीली धातु के कड़े, जिनका कुल वजन लगभग पांच तोला बताया गया है, बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त पुलिस ने 2 लाख 29 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चोरी किए गए आभूषणों को बेच दिया था और उनसे प्राप्त धनराशि में से यह नकदी बरामद की गई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की भी बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद, उम्र 33 वर्ष, निवासी लाइन नंबर 18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज और कांस्टेबल सतवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सराहना करते हुए टीम को दो हजार रुपये की नकद धनराशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
































