मुख्य आरोपी निकला नाबालिक, किशोर बाल संप्रेषण गृह भेजा
CNE REPORTER, हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी स्थित धानमिल क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर एक नाबालिग पर ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक विधि विवादित किशोर और 19 वर्षीय युवक को पकड़ा है। आरोप है कि मारपीट के दौरान आयुष बालियान ने ईंट से नाबालिग कार्तिक के सिर पर वार किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली है। मुख्य आरोपी किशोर को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, साउथ एनक्लेव फेज-2, हल्द्वानी निवासी ललित बिष्ट ने 15 अक्टूबर 2026 को थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि 14 अक्टूबर को धानमिल क्षेत्र में प्रतिबिम्ब जिम के पास पुराने विवाद को लेकर कुछ युवकों ने उनके नाबालिग पुत्र के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से पत्थरों और ईंटों से हमला किया, जिससे किशोर के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 351(3) और 191(2) के तहत प्राथमिकी संख्या 175/2026 दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने संबंधित अधिकारियों को आरोपियों की शीघ्र तलाश कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। 16 अक्टूबर को आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले का मुख्य आरोपी विधि विवादित किशोर आरटीओ चौकी पहुंचा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उससे पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान किशोर ने अपने साथियों के साथ प्रतिबिम्ब जिम के पास नाबालिग के साथ मारपीट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि मारपीट के दौरान उसके साथी आयुष बालियान ने ईंट से कार्तिक के सिर पर वार किया था।
मुख्य आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी आयुष बालियान (19), पुत्र राजीव बालियान, निवासी वार्ड नंबर-2, कालाढूंगी, जनपद नैनीताल को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में कथित रूप से इस्तेमाल की गई ईंट बरामद की। इसके बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, विधि विवादित किशोर को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है, जबकि आयुष बालियान को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
मुख्य आरोपी के पिता भी हत्या के मामले में जेल में
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी विधि विवादित किशोर के पिता के विरुद्ध पूर्व में अपने चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या करने के मामले में थाना मुखानी में प्राथमिकी संख्या 179/2024 दर्ज की गई थी। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस के अनुसार, किशोर के पिता वर्तमान में जेल में बंद हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा और कांस्टेबल बलवंत सिंह शामिल रहे। पुलिस ने मामले में आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की है।











