Big Breaking, Almora : उफनाई नदी में बह गया अधेड़, 07 किमी दूर बरामद हुआ शव, परिजनों में मचा कोहराम

0

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा


ADVERTISEMENTS

जनपद के स्याल्दे ब्लॉक में उफनाई विनोद नदी पार करते वक्त बह जाने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई है। रेस्क्यू टीम ने शव बरामद कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ में नदियां पूरे उफान पर हैं। ऐसे में नदी—नालों से होकर गुजरना बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। गत दिवस शनिवार को स्याल्दे में ग्राम कैहड़ निवासी 51 वर्षीय भगवत प्रसाद पुत्र बालीराम अपने तीन साथियों के साथ बाजार से लौटते वक्त नदी पार करने लगा। यह घटना लगभग शाम 7.30 बजे की है, जब भगवत प्रसाद व उसके दो साथी एक-दूसरे का हाथ पकड़ कर नदी को पार कर रहे थे।

पानी के तेज बहाव के बीच यह लोग नदी के दूसरे छोर तक पहुंचने ही वाले थे कि अचानक भगवत का हाथ स्लिप हो गया और सीधे नदी में जा गिरा। अपने साथी को नदी में गिरता देख दोनों दोस्तों ने उसे बचाने का भरकस प्रयास किया, लेकिन पत्थरों में काई होने की वजह से वह फिसलता हुआ बहुत दूर चला गया और लापता हो गया।

इसके बाद साथियों ने गांव वालों को हादसे की सूचना दी। देर रात तक ग्रामीण उसकी तलाश करते रहे, लेकिन भगवत का कुछ पता नही चला। आज रविवार सुबह ग्राम प्रधान इंदु देवी की सूचना पर तहसील प्रशासन की टीम पूरे दल—बल के साथ आई और घंटों रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने लगभग 07 किमी दूर गलीगांव के पास नदी किनारे उसकी लाश बरामद कर ली। राजस्व निरीक्षक राजेंद्रलाल वर्मा, उपनिरीक्षक किरन आर्या, सुरेश अनडोला ने घटना की जांच करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जायेगा।

घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। उसके परिजनों का रो—रोकर बुरा हाल बना हुआ है।

ADVERTISEMENTS