✍️ उत्कृष्ट शोध व शैक्षणिक योगदान के लिए नवाजे गए एसोसिएट प्रोफेसर

सीएनई रिपोर्टर, नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के गणित विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दीपक कुमार को ‘यंग फैकल्टी आउटस्टैंडिंग रिसर्च अवार्ड–2025’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनके उत्कृष्ट शोध एवं शैक्षणिक योगदान के लिए दिया गया है।
यहां उल्लेखनीय है कि डॉ. दीपक कुमार ने स्नातकोत्तर के बाद पीएचडी की उपाधि जीबी पंत विश्वविद्यालय पंतनगर से प्राप्त की है। करीब 15 वर्षों से अधिक का शिक्षण एवं शोध अनुभव रखने वाले डा. दीपक कुमार के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित SCI और Scopus द्वारा सूचीबद्ध शोध पत्रिकाओं में 80 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा उनके कई पुस्तक अध्याय एवं सम्मेलन शोध-पत्र भी प्रकाशित हुए हैं। उन्होंने कई शोधार्थियों का सफलतापूर्वक मार्गदर्शन किया है तथा विभिन्न प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में समीक्षक के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके प्रमुख शोध क्षेत्र फज़ी सेट सिद्धांत (Fuzzy Set Theory), विश्वसनीयता सिद्धांत (Reliability Theory) तथा जटिल प्रणालियों के विश्वसनीयता विश्लेषण में इनके अनुप्रयोग हैं। डॉ. कुमार ने अपने विशेषज्ञता क्षेत्र में अनेक आमंत्रित व्याख्यान देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, संगोष्ठियों एवं कार्यशालाओं के आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि उन्हें यह सम्मान मिलना कुमाऊं विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण है।


