पहले ब्लिंकिट में करता था डिलीवरी, जल्दी पैसा कमाने के लालच में बन गया नशे का सौदागर
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। रोजगार छिनने के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे एक युवक ने कथित तौर पर जल्द पैसा कमाने का ऐसा रास्ता चुना, जिसने उसे सीधे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। कभी ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करने वाला काठगोदाम निवासी 32 वर्षीय भास्कर तिवारी उर्फ भानु अब स्मैक तस्करी के आरोप में पुलिस की गिरफ्त में है। उसके कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत की 10 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बेरोजगार होने और पैसों के लालच में स्मैक के धंधे से जुड़ने की बात स्वीकार की है।
यह मामला केवल एक युवक की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे रोजगार, आर्थिक परिस्थितियों और आसान कमाई के लालच से जुड़ा एक गंभीर सामाजिक पहलू भी सामने आता है। हालांकि बेरोजगारी किसी भी गैरकानूनी गतिविधि का औचित्य नहीं हो सकती, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल जरूर खड़ा किया है कि आखिर कुछ युवा मेहनत और रोजगार के रास्ते से भटककर अपराध की दुनिया में क्यों कदम रख रहे हैं।
मुख्यमंत्री के ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नैनीताल पुलिस की ओर से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंस सिंह, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में काठगोदाम पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान एवं एसओजी प्रभारी मोहन सौन के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कैनाल रोड काठगोदाम में एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान भास्कर तिवारी उर्फ भानु पुत्र कैलाश चंद्र तिवारी, निवासी सेंट पॉल स्कूल के पीछे काठगोदाम, उम्र 32 वर्ष के रूप में की है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता था, लेकिन इन दिनों उसके पास कोई नौकरी नहीं थी। इसी दौरान पैसे कमाने के लालच में वह बनभूलपुरा क्षेत्र के एक रेलवे फाटक के पास से स्मैक खरीदकर लाया था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक किससे खरीदकर लाया था और इस कारोबार में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
इस मामले में कोतवाली काठगोदाम में आरोपी के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 8/21 के तहत प्राथमिकी संख्या 144/2026 दर्ज की गई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, उपनिरीक्षक एवं मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी दिलीप कुमार, एसओजी कांस्टेबल भानू ओली, कांस्टेबल करतार, कांस्टेबल दिनेश राणा और महिला कांस्टेबल शीला कुंवर शामिल रहे।
































