निष्पक्ष जांच और दोषी चिकित्सकों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग, न्याय नहीं मिला तो हाईकोर्ट जाएंगे परिजन
पहाड़ी आर्मी ने दी चेतावनी, निजी अस्पतालों की कथित अनियमितताओं पर राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। हल्द्वानी के पीएसपी (PSP) अस्पताल में प्रसव के दौरान अर्शदीप कौर की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की जांच पर सवाल उठाते हुए मंगलवार को मृतका के परिजनों ने पहाड़ी आर्मी के अध्यक्ष हरीश रावत के नेतृत्व में बुद्ध पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रबंधन पर घटना से जुड़े तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने और भ्रामक जानकारी फैलाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया। परिजनों ने दो टूक कहा कि उन्हें केवल जांच का आश्वासन नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई चाहिए।
धरने के दौरान मृतका के पति तलविंदर भुल्लर ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल ने अपनी कथित गलती छिपाने के उद्देश्य से उन्हें गलत ईसीजी रिपोर्ट उपलब्ध कराई। उनके अनुसार, दी गई ईसीजी रिपोर्ट पर 35 वर्षीय पुरुष का विवरण अंकित है, जबकि उनकी पत्नी अर्शदीप कौर की उम्र महज 25 वर्ष थी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक महिला मरीज के मामले में किसी पुरुष के नाम और उम्र वाली ईसीजी रिपोर्ट कैसे सामने आई? यह चूक है या तथ्यों को छिपाने का प्रयास, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
तलविंदर भुल्लर ने कहा कि उनकी पत्नी की मौत के बाद से परिवार न्याय की उम्मीद में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उनका आरोप है कि जिला स्वास्थ्य प्रशासन जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा।
जांच रिपोर्ट और चिकित्सकों के बयानों में अंतर पर उठाए सवाल
पहाड़ी आर्मी के संस्थापक एवं अध्यक्ष हरीश रावत ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकरण में सामने आई जांच रिपोर्ट और संबंधित डॉक्टरों के बयानों में कथित तौर पर भिन्नता है। उनके अनुसार, यह अंतर पूरे उपचार और अस्पताल की कार्यप्रणाली की गंभीर जांच की आवश्यकता को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मरीज के उपचार से जुड़े तथ्यों और बयानों में ही अंतर दिखाई दे रहा है तो आखिर जांच किस आधार पर की जा रही है?
हरीश रावत ने आरोप लगाया कि अर्शदीप कौर के उपचार के दौरान गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि जांच में आपराधिक लापरवाही और जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने जांच पूरी होने तक अस्पताल का लाइसेंस निलंबित करने की भी मांग उठाई, ताकि मामले की जांच प्रभावित न हो और भविष्य में किसी अन्य मरीज के साथ ऐसी घटना न हो।
पोस्टमार्टम और शव भेजने की प्रक्रिया पर भी गंभीर आरोप
धरने के दौरान मृतका के परिजनों ने अस्पताल में शव से संबंधित प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने पोस्टमार्टम नहीं होने दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर करवाकर मृतका का शव अस्पताल के पिछले रास्ते से घर भेज दिया गया। परिजनों ने मांग की कि शव को अस्पताल से बाहर भेजने की पूरी प्रक्रिया, उससे जुड़े दस्तावेजों और हस्ताक्षरों की सत्यता की जांच कराई जाए।
हरीश रावत ने कहा कि यदि परिजनों के ये आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल चिकित्सकीय लापरवाही का मामला नहीं रह जाता, बल्कि अस्पताल की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। उन्होंने जिला चिकित्सा अधीक्षक से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही जिला चिकित्सा अधिकारी की भूमिका की भी जांच कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
निजी अस्पतालों की निगरानी पर उठाया सवाल
हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में निजी अस्पतालों में मरीजों के उपचार और अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था प्रभावी नहीं होने के कारण कुछ निजी अस्पतालों को मनमानी करने की छूट मिल रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किन मानकों और परिस्थितियों में निजी अस्पतालों को लाइसेंस दिए जा रहे हैं और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी क्यों नहीं की जा रही?
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अर्शदीप कौर के मामले में यदि जिम्मेदार अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई और दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पहाड़ी आर्मी निजी अस्पतालों की कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने और चिकित्सा सेवाओं के नाम पर कथित लापरवाही बरतने वाले संस्थानों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
न्याय की मांग को लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे परिजन
बुद्ध पार्क में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान मृतका के परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अर्शदीप कौर की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में मृतका की माता बलजीत कौर, ससुर गुरनाम सिंह, सास बलविंदर कौर, अक्षदीप, करमजीत कौर, प्रेमा, मनदीप कौर, अमलजीत कौर, जगदीप सिंह, मनदीप सिंह, मनप्रीत सिंह, शुभम धारियाल, गुरवीर संधू और डी.डी. दानी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
धरने के माध्यम से परिजनों ने स्पष्ट संदेश दिया कि अर्शदीप कौर की मौत का मामला केवल एक परिवार का निजी दुख नहीं, बल्कि अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की जवाबदेही से जुड़ा गंभीर प्रश्न है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इन गंभीर आरोपों पर क्या कदम उठाते हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।
































