IMD की चेतावनी के बाद DM ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को किया अलर्ट
अनावश्यक यात्रा से बचने, विशेष सतर्कता बरतने की अपील
सीएनई रिपोर्टर, नैनीताल। भारत मौसम विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा 09 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई 2026 को नैनीताल जनपद के लिए “Warning (Take Action)” श्रेणी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने जिले में बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर की प्रबल संभावना जताई है। चेतावनी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने पूरे तंत्र को हाई अलर्ट पर कर दिया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में सभी विभागों को किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस, राजस्व, तहसील प्रशासन, लोक निर्माण विभाग (PWD), राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पीएमजीएसवाई, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। तहसील एवं जिला स्तरीय नियंत्रण कक्षों को भी 24 घंटे सक्रिय रखने को कहा गया है।
पर्यटकों और ट्रेकिंग करने वालों के लिए विशेष चेतावनी
प्रशासन ने पर्वतीय एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटकों और ट्रेकिंग दलों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। भूस्खलन संभावित मार्गों पर पहले से ही मशीनरी और आवश्यक संसाधन तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल यातायात बहाल किया जा सके।
इसके अलावा नगर और कस्बाई क्षेत्रों में जलभराव की आशंका को देखते हुए नालियों एवं कलवर्टों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा पर विशेष जोर
मौसम की गंभीर चेतावनी को देखते हुए विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने मोबाइल फोन हर समय सक्रिय रखेंगे तथा बरसाती, टॉर्च, हेलमेट, आपदा राहत उपकरण और अन्य आवश्यक सामग्री के साथ तैयार रहेंगे।
यदि किसी क्षेत्र में लोग फंसते हैं तो उनके लिए भोजन, पेयजल एवं चिकित्सा सहायता तत्काल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रशासन ने दिए हैं।
जनता से प्रशासन की महत्वपूर्ण अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि—
- अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।
- नदी, नालों एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
- खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।
- मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
- किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को दें।
आपातकालीन संपर्क नंबर
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC), नैनीताल
- 05942-231178
- 05942-231179
- 05942-231181
- टोल फ्री: 1077
- मोबाइल: 8272080884
राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष (SEOC)
- 0135-2710335
- 0135-2710334
- टोल फ्री: 1070
जिला प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मौसम विभाग की गंभीर चेतावनी को देखते हुए पूर्ण सतर्कता बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में बिना विलंब राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए। प्रशासन ने नागरिकों से भी अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।



