73 वाहनों के चालान, रोडवेज स्टेशन से मंगल पड़ाव तक सड़क किनारे से हटवाई
CNE REPORTER, हल्द्वानी। शहर की सड़कों पर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन वोल्वो बसें सीज कर दीं और 73 वाहनों के चालान किए। साथ ही, सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ी-ठेलियों को हटवाकर यातायात सुचारू बनाने की कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने हाल ही में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जिले के सभी थाना प्रभारियों, सिटी पेट्रोल यूनिट (सीपीयू) और यातायात प्रभारियों को यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा था।
इन्हीं निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण तथा यातायात निरीक्षक भूपेश पांडेय और सीपीयू प्रभारी जगदीश राम के नेतृत्व में यातायात पुलिस एवं सीपीयू की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी के व्यस्त और संवेदनशील मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
नियमों की अनदेखी पर बसें सीज, 73 वाहनों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही तीन वोल्वो बसों को शहर के अलग-अलग स्थानों पर सीज किया गया। वहीं, ओवरलोडिंग, यातायात नियमों की अनदेखी और आवागमन बाधित करने के मामलों में कुल 73 वाहनों के चालान किए गए।
सड़क से हटवाया अतिक्रमण, आवागमन सुचारू बनाने की पहल
पुलिस टीम ने रोडवेज बस स्टेशन से मंगल पड़ाव तक सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ी-ठेलियों को हटवाया। इनसे पैदल यात्रियों के साथ ही वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी। कार्रवाई का उद्देश्य सड़क पर आवागमन को सुचारू बनाना और शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित करना रहा।
नियमों के पालन की अपील, अभियान जारी रहेगा
नैनीताल पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने तथा सड़कों पर अवैध अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।










