टिहरी गढ़वाल (सीएनई रिपोर्टर): उत्तराखंड के पहाड़ों से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आ रही है। टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र के अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर सवारियों से भरा एक यूटिलिटी वाहन गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।



जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग हरिद्वार से एक अंतिम संस्कार संपन्न कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। किस्मत का क्रूर खेल देखिए कि जिस व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए ये लोग गए थे, इस हादसे में उस मृतक के बेटे की भी जान चली गई है। घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में काल ने इन्हें अपना ग्रास बना लिया। वाहन में कुल 11 लोग सवार बताए जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिलाधिकारी (DM) ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्यों का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। आपदा प्रबंधन अधिकारी ब्रजेश भट्ट ने 8 मौतों की पुष्टि की है।

अस्पताल से मेडिकल अपडेट
जिला अस्पताल बौराड़ी के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. अमित राय ने बताया कि 108 एम्बुलेंस के माध्यम से दो घायलों को अस्पताल लाया गया है। घायलों की पहचान उत्तम (30 वर्ष) और अंकित (22 वर्ष) के रूप में हुई है। डॉ. राय के अनुसार, दोनों मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और विशेषज्ञों की टीम उनका गहन उपचार कर रही है।
एसडीएम घनसाली अल्केश नौडियाल ने जानकारी दी कि दोपहर करीब 3 बजे आगराखाल में भोजन करने के बाद यह दल आगे बढ़ा था, जिसके कुछ देर बाद चंबा-कौटी मार्ग पर नैल गांव के पास यह भीषण दुर्घटना हो गई। सभी मृतक घनसाली की नैलचामी पट्टी के निवासी थे।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रकट किया शोक
इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘X’ पर लिखा कि चंबा क्षेत्र में वाहन दुर्घटना का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित और निःशुल्क इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम जिला अस्पताल में किया जा रहा है, वहीं घायलों का उपचार जारी है। इस घटना के बाद पूरे नैलचामी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

