HomeBreaking Newsउधम सिंह नगर : मां के सामने ही खेत में खेल रहे...

उधम सिंह नगर : मां के सामने ही खेत में खेल रहे मासूम को तेंदुए ने मार डाला

Uttarakhand News | उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता में चारा काट रही मां के सामने ही खेत में खेल रहे चार वर्षीय मासूम को तेंदुए ने मार डाला। मां और आसपास चारा काट रहीं महिलाओं के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भाग गया। गले पर तेंदुए के दांत लगने से बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना पर वन विभाग व पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

रविवार शाम करीब पांच बजे ग्राम टुकड़ी निवासी सुखविंदर कौर पत्नी मंगल सिंह अपने चार वर्षीय बेटे जसवंत सिंह को लेकर गांव की अन्य महिलाओं के साथ पशुओं के लिए खेत से चारा लेने गई थी। सुखविंदर ने बेटे को खेत की मेड़ के पास खेलने के लिए छोड़ दिया और चारा काटने लगी।

इसी दौरान पास के गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने मासूम पर हमला कर दिया। तेंदुए को देखते ही मां और अन्य महिलाओं ने शोर मचाया, जिससे घबराकर तेंदुआ मासूम को छोड़ गन्ने के खेत में चला गया। गर्दन पर तेंदुए के दांत लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सुदली मठ वन क्षेत्राधिकारी खुशाल राम टम्टा वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। एसआई शंकर सिंह बिष्ट, अशोक कांडपाल, कांस्टेबल नवनीत कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बच्चे की मौत पर पिता मंगल सिंह, मां सुखविंदर कौर और दो बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments